ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में शनिवार को एक भयंकर बवंडर ने लोगों को हैरान कर दिया. अचानक आए तेज बवंडर ने एक कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए कई टेंट और फूड स्टॉल को उखाड़कर दूर तक उड़ा दिया. घटना लखनपुर ब्लॉक के अढ़ापड़ा इलाके में हुई, जहां बीसीजीसीएल प्रोजेक्ट के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां की गई थीं.
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए बड़े स्तर पर मंच, टेंट और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं. यहां एक बड़े सियासी प्रोग्राम का आयोजन होना था, जिसमें कई वीवीआईपी मेहमानों के शामिल होने का कार्यक्रम था.
इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और हाई स्पीड से एक भयंकर बवंडर कार्यक्रम स्थल पर हुई व्यवस्थाओं को अपनी आगोश में ले लिया.
इलाके में मची अफरा-तफरी!
बवंडर की ताकत इतनी ज्यादा थी कि उसने फूड स्टॉल और अन्य टेंटों को उखाड़कर हवा में उड़ा दिया. देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हालांकि, राहत की बात यह रही कि बवंडर सीधे मुख्य मंच की तरफ नहीं गया. वह मंच से अलग दिशा में बढ़ते हुए आगे निकल गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई. अगर बवंडर मंच या वीवीआईपी क्षेत्र की ओर बढ़ता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.
यह भी पढ़ें: ओडिशा: बच्चा चोर समझकर NGO कर्मियों पर हमला, भीड़ ने फाड़े महिला के कपड़े
घटना के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में कुछ वक्त के लिए डर और घबराहट का माहौल बन गया. बवंडर गुजरने के बाद नुकसान का आकलन किया गया, जिसमें कई टेंट और फूड स्टॉल क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है. अच्छी बात यह रही है कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है.