तमिलनाडु की विजय सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री आधव अर्जुन ने पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके चीफ एमके स्टालिन को एक लीगल नोटिस भेजा है. इसमें ड्रग तस्करी के मास्टरमाइंड जॉन ब्रिटो को रिश्तेदार बताने के लिए बिना शर्त माफी मांगे और हर्जाने के तौर पर 1 करोड़ रुपये देने की मांग की गई है.
उन्होंने 48 घंटे के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने को कहा है. स्टालिन और डीएमके की आईटी विंग को भेजे गए नोटिस में अर्जुन ने कहा कि माफी को सोशल मीडिया के साथ-साथ तमिल और अंग्रेजी अखबारों और टीवी चैनलों में प्रकाशित किया जाना चाहिए.
अर्जुन ने माफी मांगने के लिए स्टालिन को 48 घंटे का समय दिया है. नोटिस में कहा गया है कि अगर ऐसा नहीं किया तो वह उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे.
यह पूरा मामला स्टालिन की 8 जून की एक सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है. इसमें स्टालिन ने दावा किया था कि ED की प्रेस रिलीज के मुताबिक, चेन्नई और रामनाथपुरम में जब्त किए गए 258 करोड़ रुपये के ड्रग तस्करी के मास्टरमाइड जॉन ब्रिटो, आधव अर्जुन के करीबी रिश्तेदार हैं.
अर्जुन ने स्टालिन के इन आरोपों को खारिज किया है. उनका दावा है कि जॉन ब्रिटो उनका करीबी रिश्तेदार नहीं है. उन्होंने दावा किया कि यह आरोप बिना किसी पड़ताल और सबूत के उन पर लगाया गया है.