कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, ईंट-भट्टों और उन इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है जहां बड़ी संख्या में बाहरी मज़दूर रहते हैं. शुक्रवार रात तकरीबन साढ़े आठ बजे कुलगाम के केल्लाम क्षेत्र में दो आतंकी ईंट-भट्टा-77 पर पहुंचे, उनका ईरादा क्या था इससे कोई वाकिफ नहीं था. वहां काम कर रहे मजदूरों से कथित तौर पर उनका नाम पूछा और फिर उनपर गोलियां दाग दी.
इसके बाद आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक श्रमिक को तो मृत घोषित किया. और दूसरे की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई. इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर से जुड़े संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) ने ली है.
सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है. इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है. कहा जा रहा है कि ईंट-भट्टों और उन इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है जहां बड़ी संख्या में बाहरी मजदूर रहते थे. सूत्रों की मानें तो पुलिस ने बाहरी मजदूरों को अंधेरा होने के बाद अपने घरों में ही रहने की सलाह दी है. पुलिस का कहना है कि अगर कोई भी गतिविधि संदिग्ध लगती है तो फौरन पुलिस को सूचित करें.
यह भी पढ़ें: J-K: कुलगाम में आतंकियों ने दो गैर-कश्मीरी मजदूरों को मारी गोली, एक की मौत
TRF की धमकी का मुक़ाबला करने के लिए कश्मीर में संवेदनशील जगहों पर सुरक्षाबलों की मौजूदगी और इलाके पर पकड़ मज़बूत करने के लिए एक सुरक्षा योजना तैयार की जा रही है. इस हमले के बाद कुलगाम की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है. सुरक्षाबलों द्वारा आतंकियों की तलाश जारी है. सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है.
एक हफ्ते पहले भी अनंतनाग में आतंकियों ने पुलिस पर हमला किया था. अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया था, इसमें एक हेड कांस्टेबल की मृत्यु हो गई थी.
कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भोपिंदर के रूप में हुई है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोनों के निधन पर शोक व्यक्त किया.
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हमले में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने DGP नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात की. साथ ही उन्होंने सुरक्षाबलों अभियान को तेज करने और जल्द से जल्द आतंकियों को मार गिराने के निर्देश दिए.