दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने सोमवार को बापरौला इलाके में भाऊ गैंग के दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने बताया कि बापरौला इलाके में भाऊ गैंग के दो शूटरों के होने की खुफिया जानकारी मिली थी. इसके आधार पर पुलिस टीम ने बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था और मौके पर पहुंचे पर बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए.
पुलिस ने बताया कि घायल बदमाशों की पहचान दीपक और अतुल के रूप में हुई है. आरोपियों के पास से हथियार बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए शूटरों में से अतुल की तलाश पुलिस को काफी वक्त से थी. वह गुरुग्राम के एक शोरूम पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी है. भाऊ गैंग के ये दोनों सदस्य दिल्ली-एनसीआर में अपराध की कई वारदातों को अंजाम दे चुके थे. उनकी गिरफ्तारी से इलाके में गैंगवार और जबरन उगाही जैसे मामलों पर लगाम लगने की उम्मीद है.