
कर्नाटक में बेंगलुरु ग्रामीण जिले के होसकोटे के पास सैटेलाइट टाउन रिंग रोड (STRR) पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक तेज रफ्तार मर्सिडीज-बेंज कार बेकाबू होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार एक कार डीलर और उनकी महिला मित्र की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान रिजवान (30) और सज्जिया के रूप में हुई है. रिजवान पेशे से पुरानी कारों के डीलर थे, जो शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं.
पुलिस के मुताबिक, रिजवान अपने एक क्लाइंट की मर्सिडीज-बेंज कार लेकर सज्जिया के साथ देवनहल्ली की तरफ गए थे. वापसी के दौरान जब वे होसकोटे के पास बने पुल से गुजर रहे थे, तभी कार से उनका नियंत्रण खो गया और वह डिवाइडर से टकरा गई.
नाले में जा गिरा शव, घंटों चला रेस्क्यू
टक्कर का झटका इतना जबरदस्त था कि लग्जरी कार के परखच्चे उड़ गए. रिजवान गाड़ी से उछलकर सड़क के किनारे बने एक गहरे नाले में जा गिरे, जबकि उनकी मित्र सज्जिया सड़क पर ही जा गिरीं.

पुलिस ने बाद में तलाशी अभियान चलाकर नाले से रिजवान का शव बरामद किया. नाला गहरा और दुर्गम होने के कारण शव को रस्सी से बांधकर बमुश्किल बाहर निकाला जा सका.

होसकोटे पुलिस स्टेशन की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है. शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह है कि दुर्घटना का मुख्य कारण गाड़ी की 'तेज रफ्तार' हो सकती है.
यह भी पढ़ें: 'मर्सिडीज वाले भैया ने बहुत मारा, मेरी गलती नहीं थी मां...', रोते हुए ड्राइवर ने दे दी जान
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना के समय कार में कोई तकनीकी खराबी थी या यह पूरी तरह से मानवीय भूल का मामला है.