scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 8 अप्रैल 2026 की सुबह की टॉप खबरें और अन्य समाचार

अमेरिका-ईरान के बीच जारी जंग को रोकने के लिए दो हफ्तों के सीजफायर के प्रस्ताव पर सहमति बन गई है. वहीं, दिल्ली समेत 7 राज्यों के लिए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया.

Advertisement
X
ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान  (Reuters)
ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान (Reuters)

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर दो हफ्तों तक सैन्य कार्रवाई रोकने का ऐलान किया. वहीं, आईपीएल 2026 के मैच नंबर 13 में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को बुरी तरह से हरा दिया. इन खबरों के अलावा, दिल्ली समेत 7 राज्यों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें. 

अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर, दो हफ्ते तक हमले रोकने को तैयार ट्रंप, इजरायल भी सहमत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोकने का ऐलान कर दिया है, जिससे कूटनीति के लिए संभावित रास्ता खुलता नजर आ रहा है. सीजफायर पर अमेरिका और ईरान दोनों सहमत हुए हैं, साथ ही इजरायल भी हमले रोकने पर राजी हुआ है. ये सीजफायर फिलहाल दो हफ्ते के लिए लागू होगा. आगे की बातचीत पाकिस्तान में होगी.

IPL 2026: जो मिला उसे पीटा, यशस्वी जायसवाल-वैभव सूर्यवंशी की ये धुनाई हमेशा याद रखेगी मुंबई इंड‍ियंस

IPL 2026 का मैच नंबर 13 बार‍िश के खलल की वजह से भले ही 11-11 ओवर का हुआ, लेकिन यह मैच हमेशा फैन्स याद रखेंगे. राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13.64 के नेट रन रेट से 11 ओवर्स में 150 रन कूट दिए. जवाब में मुंबई इंड‍ियंस की टीम 123 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. 

Advertisement

दिल्ली समेत इन राज्यों में भी तेज आंधी-बारिश का खतरा, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाक़ों में मौसम का मिज़ाज बदला हुआ है. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश तक तेज़ हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में 8 अप्रैल को भी बारिश, गर्जन और तूफ़ानी हालात का अनुमान है.

पूर्व मंत्री मोहसिना किदवई का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली आखिरी सांस

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन हो गया. 93 वर्ष की उम्र में दिल्ली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में उन्होंने आख़िरी सांस ली. उनके निधन से उत्तर प्रदेश, ख़ासकर बाराबंकी में शोक की लहर है. मोहसिना किदवई के निधन पर कांग्रेस के साथ ही अलग-अलग दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.

महिलाओं को हर महीने 2 हजार, किसानों को 15 हजार... पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है. इस दौरान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेता मौजूद रहे. कांग्रेस ने इस घोषणा पत्र में पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था मज़बूत करने, बेरोज़गारी घटाने, महिलाओं को ₹2000 महीना, किसानों को ₹15 हज़ार सालाना, मुफ़्त बिजली जैसे वादे किए गए.

Advertisement

BCB में भूचाल! बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भंग, तमीम इकबाल बने नए बॉस, बुलबुल आउट

बांग्लादेश क्रिकेट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है. नेशनल स्पोर्ट्स काउंस‍िल ने मंगलवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी को भंग करने का फैसला लिया. यह कदम 2025 के बोर्ड चुनाव में अनियमितताओं के आरोपों के बाद उठाया गया है. NSC ने मौजूदा बोर्ड को हटाते हुए 11 सदस्यीय एड हॉक कमेटी गठित की है, जिसकी बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम को दी गई है.

आसाराम के बेटे नारायण साईं का हुआ तलाक, पत्नी जानकी हरपालानी को देने होंगे इतने करोड़ रुपए

मध्य प्रदेश के इंदौर फैमिली कोर्ट ने अहम फैसला सुनाते हुए आसाराम के बेटे नारायण साईं और जानकी हरपालानी के विवाह को समाप्त घोषित कर दिया है. कोर्ट ने तलाक मंजूर कर नारायण साईं को पत्नी को 2 करोड़ रुपये गुजारा भत्ता देने का निर्देश दिया है. नारायण साईं फिलहाल दुष्कर्म मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सूरत जेल में सजा काट रहा है.

मल्लिकार्जुन खड़गे को अपशब्द कहने पर भड़की कांग्रेस, हिमंत बिस्वा सरमा से बिना शर्त माफी की मांग

कांग्रेस पार्टी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उनसे बिना शर्त माफी की मांग की है. कांग्रेस नेताओं ने इसे दलित विरोधी मानसिकता करार दिया है. कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि सरमा द्वारा खड़गे के लिए पागल जैसे शब्दों का इस्तेमाल बेहद आपत्तिजनक है.

Advertisement

बिहार में कौन बनेगा मुख्यमंत्री? 10 अप्रैल को दिल्ली में BJP की बड़ी बैठक, नए CM के नाम पर लगेगी मुहर!

बिहार की सियासत में इन दिनों जबरदस्त हलचल मची हुई है. नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बिहार की कमान किसके हाथों में जाएगी. इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने 10 अप्रैल को दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है, जिसमें नई सरकार के गठन और सीएम के नाम पर अंतिम फ़ैसला लिया जा सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement