प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित किया. पीएम मोदी ने इस सम्मलेन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने देने का आरोप लगाया. वहीं, संयुक्त अरब अमीरात ने तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक से बाहर होने का ऐलान किया. इन खबरों के अलावा, पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
'सपा-कांग्रेस की वजह से अधूरा रहा लक्ष्य', काशी में महिला आरक्षण बिल पर बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे. इस मौके पर उन्होंने यहां 6,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. साथ ही पीएम मोदी ने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में भाग लिया. उन्होंने अपने संबोधन में सपा और कांग्रेस पर संसद से महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने देने का आरोप लगाया.
UAE ने किया OPEC से बाहर होने का ऐलान! होर्मुज ब्लॉकेड के बीच उठाया बड़ा कदम
U A E ने घोषणा की है कि वो तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक और ओपेक+ से बाहर हो रहा है. यू ए ई 1 मई से ओपेक और ओपेक+ की सदस्यता छोड़ देगा. यूएई के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह फैसला ऊर्जा क्षेत्र, पेट्रोलियम सेक्टर और अन्य रणनीतियों की सावधानीपूर्वक समीक्षा के बाद लिया गया है. यूएई के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह फैसला लेने का सही समय है.
बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान कल, 12 लाख SIR आवेदनों में सिर्फ 1468 को मिली मंजूरी
पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे चरण की 142 सीटों पर वोटिंग है. इस चरण में 3 करोड़ 21 लाख से ज्यादा वोटर्स 1448 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला करेंगे. 41 हजार एक मतदान केंद्र बनाए गए हैं. दक्षिण 24 परगना के भांगड़ सीट से सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार मैदान में, जबकि गोघाट से सबसे कम 5 कैंडिडेट खड़े हैं. वोटों की गिनती 4 मई को होनी है.
अब आधार नहीं होगा डेट ऑफ बर्थ का दस्तावेज, UIDAI का बड़ा अपडेट!
UIDAI ने कहा कि आधार कार्ड को डेट ऑफ बर्थ का प्रूफ नहीं माना जाना चाहिए. आधार कार्ड से आपकी पहचान तो साबित हो सकती है, लेकिन आपके जन्म की तारीख नहीं. UIDAI ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड अथेंटिफिकेशन के माध्यम से पहचान का वैध प्रमाण है. UIDAI ने ये जानकारी आधार यूजर्स एजेंसी और ई-केवाईसी यूजर्स एजेंसियों को भेजे लेटर में दी है.
सीएम योगी का बड़ा ऐलान: यूपी पुलिस में होगी 1 लाख नई भर्तियां, युवाओं को मिलेगा मौका
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि यूपी में इस वर्ष करीब एक लाख नई पुलिस भर्तियां की जाएंगी. उन्होंने ये घोषणा पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 चयनित परिचालकों को नियुक्ति पत्र वितरित कार्यक्रम के दौरान की. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.
IPL की दौड़ में भी ‘गुरु’ के लिए रुके विराट कोहली, बचपन के कोच के लिए निकाला वक्त
विराट कोहली ने सोमवार को West Delhi Cricket Academy की नई शाखा का उद्घाटन किया, जो दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम में शुरू हुई है. इस मौके पर Delhi & District Cricket Association के अध्यक्ष रोहन जेटली भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में कोहली ने अकादमी के बच्चों को सम्मानित किया. कई युवा खिलाड़ी अपने आदर्श को सामने देखकर भावुक हो गए.
राशिद इंजीनियर को मिली जमानत, इन कड़ी शर्तों के साथ जेल से बाहर आएंगे सांसद; पिता की बीमारी बनी आधार
टेरर फंडिंग केस में गिरफ्तार जम्मू कश्मीर में बारामुला के सांसद राशिद इंजीनियर को दिल्ली हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है. उनको ये जमानत अपने बीमार पिता से मिलने और उनकी देखभाल करने के आधार पर मिली है. राशिद इंजीनियर को एक लाख रुपये के बॉन्ड और इतनी ही रकम की एक श्योरिटी यानी जमानत पर अंतरिम जमानत दी गई है.
यूपी: बांदा में गर्मी ने तोड़ा 75 साल का रिकॉर्ड, तापमान 47 डिग्री पार, लखनऊ में बने कूलिंग पॉइंट्स
यूपी के बांदा में सोमवार को अधिकतम तापमान 47.6℃ दर्ज किया गया. यह अप्रैल महीने में बांदा का 75 साल का नया रिकॉर्ड है, क्योंकि साल 1951 से अब तक अप्रैल में बांदा में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी थी. पहले का रिकॉर्ड 47.4℃ था, जो 25 अप्रैल 2026 को और 30 अप्रैल 2022 को दर्ज किया गया था. अब 0.2℃ बढ़कर नया रिकॉर्ड बन गया है.
मुंबई इंडियंस पर फूटा इंजरी बम, मिचेल सेंटनर IPL से आउट, ये अफ्रीकी खिलाड़ी अंदर
आईपीएल 2026 के बीच में मुंबई इंडियंस ने केशव महाराज को टीम में शामिल कर लिया है. उन्हें मिचेल सेंटनर के रिप्लेसमेंट के तौर पर लाया गया है. सेंटनर को C S K के खिलाफ 23 अप्रैल को खेले गए मुकाबले के दौरान बाएं कंधे में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. फ्रेंचाइजी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
इंजर्ड लुंगी एनगिडी क्या IPL 2026 में अब खेल पाएंगे? आ गया अपडेट, इस प्लेयर की एंट्री
IPL 2026 के बीच दिल्ली कैपिटल्स टीम के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी सिर में लगी गंभीर चोट के चलते दो मैचों से बाहर हो गए हैं. वे पंजाब के खिलाफ मैच के दौरान प्रियांश आर्य का कैच पकड़ने के दौरान सिर में चोट लगने से चोटिल गए थे. इसके बाद उनको एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया. हालांकि बाद में राहत की खबर आई कि लुंगी की हालत स्थिर है.