scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 19 जुलाई 2026 की शाम की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

सोनम वांगचुक मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा अपडेट आया है, वहीं CJP के संसद मार्च को देखते हुए नई दिल्ली में पुलिस ने सख्त कदम उठाया है. दूसरी तरफ, पहाड़ों पर भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के चलते हालात बेहद खराब हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर पेरू से बड़ी तबाही की खबर है.

Advertisement
X
दिल्ली हाईकोर्ट से सोनम वांगचुक को फिलहाल कोई राहत नहीं. (Photo: PTI)
दिल्ली हाईकोर्ट से सोनम वांगचुक को फिलहाल कोई राहत नहीं. (Photo: PTI)

सोनम वांगचुक की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद अब उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो चीफ जस्टिस के सामने मामले को रखेंगी. दूसरी तरफ मौसम की मार के चलते राजौरी पुंछ में फ्लैश फ्लड से 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हिमाचल उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी है. उधर वैश्विक स्तर पर पेरू के एंडीज क्षेत्र में आए 5.5 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाते हुए 5 लोगों की जान ले ली, वहीं करियर के मोर्चे पर BCI ने AIBE-XXI का रिजल्ट घोषित कर दिया है जिसमें 65.92 फीसदी छात्र पास हुए हैं. पढ़ें रविवार शाम की बड़ी खबरें.

सोनम वांगचुक को हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, अब चीफ जस्टिस के सामने रखा जाएगा मामला

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो अब दिल्ली हाईकोर्ट के सिंगल जज के फैसले को चुनौती देंगी. सोमवार को मामले का जिक्र दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के सामने किया जाएगा. इससे पहले हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक को प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग वाली याचिका पर फिलहाल राहत देने से इनकार कर दिया था.

CJP के संसद मार्च को दिल्ली पुलिस की 'नो परमिशन'... धारा-163 लागू, कहा- नहीं माने तो होगा एक्शन

CJP की ओर से 20 जुलाई को संसद मार्च के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस मार्च के लिए न तो कोई अनुमति मांगी गई है, न ही मंजूरी दी गई है. ऐसे में बिना इजाजत मार्च, जुलूस या प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसे पहले CrPC की धारा 144 के नाम से जाना जाता था. इसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के एक जगह जुटने, जुलूस निकालने और प्रदर्शन करने पर रोक रहेगी.

Advertisement

राजौरी-पुंछ में फ्लैश फ्लड से 4 की मौत, हिमाचल-उत्तराखंड में रेड अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में भारी बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी है. यहां फ्लैश फ्लड और भूस्खलन के कारण कई लोगों की जान चली गई है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश जारी है, जिससे नदियां उफान पर हैं. लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है. इस आपदा में अब तक कई मौतें हो चुकी हैं और कई लोग लापता हैं. स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है.

पेरू में 5.5 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 5 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा बेघर

पेरू के एंडीज क्षेत्र में आए 5.5 तीव्रता के भूकंप से भारी नुकसान हुआ है. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए. बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद 300 से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा. प्रशासन का कहना है कि प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है. फिलहाल लापता लोगों की सही संख्या सामने नहीं आई है.

BCI ने जारी किया AIBE-XXI का रिजल्ट, 65.92 छात्र हुए पास 

Advertisement

बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XXI) का रिज़ल्ट घोषित कर दिया है, जिसमें कुल पास प्रतिशत 65.92 रहा है. शनिवार को जारी एक बयान में कहा गया कि AIBE-XXI का आयोजन 7 जून को 60 अलग-अलग शहरों के 292 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था, जिसमें कुल 1,75,701 उम्मीदवार शामिल हुए थे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement