अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में कानूनी दर्जा देने वाला बिल लोकसभा से पारित हुआ. वहीं, पूर्व एएपी नेता एचएस फूलका ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. इन खबरों के अलावा, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की ओर से तैयार किए गए 18 तेजस Mk1A विमानों का भारतीय वायुसेना अप्रैल में ट्रायल करेगी. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
आंध्र प्रदेश की राजधानी अब अमरावती, लोकसभा ने सर्वसम्मति से पारित किया बिल
आंध्र प्रदेश को अब अपनी राजधानी मिल गई है. अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में कानूनी दर्जा वाला बिल लोकसभा से पारित हो गया. आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन बिल 2026 लोकसभा ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया है. सत्तापक्ष के साथ ही विपक्षी दलों ने भी इस बिल का समर्थन किया. यह बिल गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने पेश किया था.
पूर्व AAP नेता HS फूलका ने ज्वाइन की BJP, पंजाब को लेकर जताई चिंता
पूर्व AAP नेता और सीनियर अधिवक्ता हरविंदर सिंह फूलका ने आज बीजेपी का दामन थाम लिया. उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में BJP की सदस्यता ग्रहण की. इस दौरान फूलका ने कानून व्यवस्था और नशाखोरी के मुद्दे पर पंजाब की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी से बेहतर कोई पार्टी नहीं है.
18 तेजस Mk1A फाइटर जेट तैयार, अप्रैल में भारतीय वायुसेना करेगी ट्रायल
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने 18 तेजस Mk1A विमान तैयार कर लिए हैं. भारतीय वायुसेना अप्रैल में इन विमानों की जांच और ट्रायल्स शुरू करेगी. भारतीय वायुसेना इन विमानों में मिसाइल फायरिंग, रडार EW इंटीग्रेशन और हथियार प्रणाली की पूरी जांच के बाद ही अपने बेड़े में शामिल करेगी. IAF इस पूरी प्रक्रिया को जल्दी पूरा करना चाहता है.
‘उड़ता ट्रक’ तैयार! चीन ने बनाया सबसे ताकतवर कार्गो ड्रोन, उठा सकेगा इतने टन वजन
चीन ने चांगयिंग 8 नाम से एयरक्राफ्ट बनाया है. यह एक पावरफुल कार्गो ड्रोन है, जो शॉर्ट रनवे से भी उड़ान भर सकता है. चांगयिंग 8 को खासतौर से डिलिवरी के लिए तैयार किया गया है. इसको रिमोट एरिया में यूज किया जा सकेगा. इसका वजन 3.5 टन है और यह अपने भार के बराबर का वजन उठाकर उड़ान भर कर सकेगा. मंगलवार को इसकी सफल टेस्टिंग हो चुकी है.
Traffic Advisory: हनुमान जयंती के दिन इन रास्तों पर जाने से बचें, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
हनुमान जयंती पर मारघाट वाले बाबा हनुमान मंदिर के पास धार्मिक शोभायात्राएं निकाली जाएंगी. इस मौके पर 1 और 2 अप्रैल को बड़ी संख्या में भक्तों के जुटने की उम्मीद है. ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवायजरी जारी की है. बताया गया है कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग समेत कुछ मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है.
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा बंगाल वोटर लिस्ट विवाद, फॉर्म-6 पर सियासी घमासान
पश्चिम बंगाल वोटर लिस्ट विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. TMC ने चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर वेस्ट बंगाल के दफ्तर में कथित तौर पर फॉर्म 6 के बड़े पैमाने पर अवैध सबमिशन का मामला उठाया है. TMC का आरोप है कि BJP एजेंटों बाहरी लोगों को वोटर लिस्ट में जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. इस मुद्दे को टीएमसी ने सुप्रीम कोर्ट में उठाया है.
अब इन पंपों पर बढ़े फ्यूल प्राइस, पेट्रोल 7 रुपये और डीजल 25 रुपये हुआ महंगा!
नायरा कंपनी के बाद अब शेल इंडिया ने भी भारत में पेट्रोल और डीज़ल के दाम बढ़ा दिए हैं. कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रहने के चलते कंपनी ने नुकसान की भरपाई के लिए यह कदम उठाया. बेंगलुरु में पेट्रोल 7.41 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है, जबकि डीज़ल की कीमत में 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. ये नए दाम 1 अप्रैल से लागू हो गए हैं.
CAPF रेगुलेशन बिल राज्यसभा से पारित, विपक्ष ने वोटिंग से किया किनारा, वॉकआउट कर गए सांसद
सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स रेगुलेशन बिल 2026 राज्यसभा से पारित हो गया है. गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को राज्यसभा में इस बिल पर हुई चर्चा का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि यह बिल CAPF अधिकारियों की सेवा शर्तों में अस्पष्टताओं और प्रबंधन से जुड़ी हुई चुनौतियों के समाधान करता है. विपक्ष ने इस बिल का विरोध किया.
सेना को मिली लाइट मशीन गन की खासियत जानिए, बनाने में इजरायल का है हाथ
इजरायली हथियार कंपनी इजरायल वेपन्स इंडस्ट्रीज ने भारत को हल्की मशीन गन की पहली खेप सौंप दी है. यह डील मेक इन इंडिया पहल के तहत टेक्नोलॉजी ट्रांसफर के साथ की गई है. IWI ने बताया कि 2000 NEGEV 7.62x51 LMG की पहली खेप पिछले वीकेंड भारत पहुंच गई. इस साल बाद में और 4000 गन डिलीवर की जाएंगी. कुल मिलाकर 41000 यूनिट्स का बड़ा ऑर्डर है.
Stock Market Rally: झटके में 11 लाख करोड़ की कमाई... सेंसेक्स 1200 अंक चढ़ा, ये शेयर बने रॉकेट!
भारतीय बाजार में आज शानदार तेजी रही. 2 दिनों की गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी ने बुधवार को अच्छी तेजी दिखाई. बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 1186.77 अंक बढ़कर 73,134.32 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 348 अंक बढ़कर 22,679.40 पर बंद हुआ. इस तेजी के कारण निवेशकों ने आज 11 लाख करोड़ रुपये की तगड़ी कमाई कर डाली.