जिस युवक को वह कुछ महीनों पहले तक अपना होने वाला दामाद कहते थे, आज उसी का नाम लेते हुए प्रवीण गोयल की आवाज भर्रा जाती है. उनके शब्दों में दर्द भी है, हैरानी भी और कई ऐसे सवाल भी हैं जिनके जवाब उन्हें अब तक नहीं मिले हैं. पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच की दिशा लगातार बदल रही है. पुलिस की जांच में सिया गोयल और चेतन चौधरी का नाम सामने आने के बाद अब सिया का परिवार ने भी अपना पक्ष रखा. इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे भावुक बयान सिया के पिता प्रवीण गोयल का रहा, जिन्होंने कहा कि केतन उनके लिए सिर्फ होने वाला दामाद नहीं था.
प्रवीण गोयल बताते हैं कि केतन जब भी उनके घर आता था, उन्हें हमेशा पापा जी कहकर बुलाता था. वह घंटों घर में बैठता, परिवार के साथ समय बिताता और सभी के साथ घुलमिल जाता था. उनके मुताबिक धीरे-धीरे रिश्ता इतना करीब हो गया था कि उन्हें केतन अपने बेटे से भी ज्यादा प्रिय लगने लगा था. उन्होंने कहा कि केतन का व्यवहार, उसका सम्मान और परिवार के प्रति उसका अपनापन उन्हें बेहद प्रभावित करता था.
यही वजह है कि जब केतन की मौत की खबर आई तो यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं थी, बल्कि दो परिवारों के बीच बने एक रिश्ते के टूट जाने जैसा भी था. प्रवीण गोयल ने बताया कि सिया के लिए सबसे पहले रिश्ता गोवा में एक पारिवारिक शादी समारोह के दौरान आया था. उस समय परिवार ने यह कहते हुए बात टाल दी थी कि सिया अभी केवल 19 साल की है और शादी की कोई जल्दबाजी नहीं है.
गोवा की शादी से शुरू हुई रिश्ते की कहानी
कुछ समय बाद कर्जत में एक और पारिवारिक समारोह के दौरान अग्रवाल परिवार की ओर से फिर रिश्ते की बात की गई. रिश्तेदारों ने भी इस रिश्ते को अच्छा बताते हुए आगे बढ़ाने की सलाह दी. प्रवीण गोयल के अनुसार, पत्नी पूजा गोयल और परिवार के अन्य सदस्यों से चर्चा के बाद इस रिश्ते पर सहमति बनी और दोनों परिवार करीब आने लगे.।
इसके अलावा प्रवीण गोयल का दावा है कि उन्होंने चेतन चौधरी को कभी देखा तक नहीं था. उनका कहना है कि न कभी मुलाकात हुई और न ही कोई बातचीत. वहीं सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि उन्हें केवल इतना पता था कि सिया और चेतन की पहचान एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी. परिवार को इससे आगे किसी रिश्ते या प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी. उनका कहना है कि शादी तय होने के बाद भी परिवार ने कई बार सिया से पूछा था कि क्या वह इस रिश्ते से खुश है. हर बार सिया ने यही कहा कि उसे केतन पसंद है और वह शादी करना चाहती है.
फोन बिजी रहने वाली बात पर पिता का सवाल
जांच के दौरान सामने आया कि केतन ने अपने पिता से कई बार कहा था कि सिया का फोन अक्सर बिजी रहता है. इस पर प्रवीण गोयल ने कहा कि यदि ऐसी कोई चिंता थी तो परिवार से बात की जानी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि अगर किसी को शक था या कोई सवाल था तो उन्हें फोन कर पूछा जा सकता था. उनके मुताबिक इस बारे में कभी कोई चर्चा नहीं हुई. प्रवीण गोयल का कहना है कि अगर उन्हें किसी भी तरह की परेशानी या संदेह की जानकारी मिलती तो वह खुद इस विषय पर बात करते.
सिया और केतन दोनों खुश दिखाई देते थे
पूजा गोयल ने बताया कि परिवार को कभी ऐसा नहीं लगा कि केतन और सिया के बीच कोई गंभीर मतभेद है. उनके अनुसार दोनों नियमित रूप से वीडियो कॉल पर बात करते थे. केतन कई बार घर आया. परिवार के साथ बैठा. डिनर किया और सामान्य रिश्ते की तरह सब कुछ चलता दिखाई देता था. पूजा गोयल का दावा है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी केतन के परिवार की ओर से सिया की तारीफ की जाती थी. उनके अनुसार किसी ने कभी ऐसा संकेत नहीं दिया कि दोनों के बीच कोई ऐसा विवाद है जो भविष्य में बड़ी समस्या बन सकता है.
परिवार का कहना है कि उन्हें लोहगढ़ जाने की जानकारी थी. पूजा गोयल के मुताबिक, सिया ने ट्रैकिंग पर जाने को लेकर कुछ हिचकिचाहट जताई थी. उन्होंने कहा कि वीडियो कॉल पर इस विषय पर बातचीत हुई थी. परिवार का दावा है कि मोबाइल चैट में भी ऐसी बातें मौजूद थीं जिनमें ट्रैकिंग पर जाने को लेकर चर्चा हुई थी. उनका कहना है कि सिया ने परिवार को ट्रिप की जानकारी दी थी और पहले की यात्राओं के बारे में भी बताया था.
शादी की तैयारियां और बाली का प्लान
पूजा गोयल ने कहा कि यदि सिया इस शादी के खिलाफ होती तो परिवार इतने बड़े स्तर पर तैयारियां क्यों करता. उन्होंने बताया कि बाली ट्रिप और प्री-वेडिंग कार्यक्रमों की योजना बनाई जा रही थी. इसके लिए खरीदारी भी की गई थी. उनके मुताबिक सिया के लिए करीब 50 हजार रुपये की शॉपिंग कराई गई थी. परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था और किसी को भी यह आभास नहीं था कि भविष्य में ऐसा विवाद सामने आएगा. सिया के पिता प्रवीण गोयल ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनकी बेटी का नाम इस मामले में सामने आ रहा है तो वह गहरे सदमे में चले गए.
उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. परिवार के डॉक्टर ने तत्काल इलाज की सलाह दी. प्रवीण गोयल के अनुसार वह आज भी इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि उनकी बेटी पर इतने गंभीर आरोप लग रहे हैं. अगर दोषी है तो सजा जरूर मिले. हालांकि भावनात्मक बयान के बीच प्रवीण गोयल ने एक सख्त रुख भी दिखाया. उन्होंने कहा कि अगर जांच और अदालत में उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए. इसके अलावा सिया की मां पूजा गोयल ने भी कहा कि यदि किसी ने गलत किया है तो उसे उसके परिणाम भुगतने होंगे.
फिलहाल केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जारी है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही है. लेकिन इस पूरे मामले के बीच एक पिता का वह वाक्य सबसे ज्यादा चर्चा में है, जिसमें उन्होंने कहा कि केतन उन्हें पापा जी कहकर बुलाता था और वह उन्हें अपने बेटे से भी ज्यादा प्रिय हो गया था. अब यही यादें उनके लिए सबसे बड़ा दर्द बन गई हैं.