नवी मुंबई में भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मंगलवार सुबह तेज़ बारिश की वजह से कई इलाकों में भारी जलभराव हुआ और पानी में डूबी सड़कें दरिया जैसी नज़र आने लगीं. तुर्भे इलाके में रेजिडेंशियल सोसाइटियों की पार्किंग में बारिश का पानी भर गया.
सानपाड़ा से APMC रोड तक डेढ़ फीट पानी
भारी बारिश के कारण सानपाड़ा इलाके से APMC रोड तक पानी भर गया. इस रोड पर करीब डेढ़ फीट तक पानी जमा होने से लोगों को पैदल चलने में काफी परेशानी हुई. बताया जा रहा है कि नालियों की सफाई ठीक से न होने की वजह से पानी तेज़ी से नहीं निकल पाया और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई. यह दूसरी बारिश है, जब नवी मुंबई की सड़कें पानी में डूबी हैं.
लोगों का कहना है कि म्युनिसिपल एडमिनिस्ट्रेशन (NMMC) समय पर नालियां साफ नहीं करवाता, जिसकी वजह से हर बारिश में यही हाल होता है. पार्किंग, घरों के आसपास और मुख्य सड़कों पर पानी भरने से रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्रभावित होती है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है. 30 जून को सुबह 8 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, आज पूरे दिन भारी बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटों में मुंबई में मध्यम बारिश दर्ज की गई है. पूर्वी उपनगरों में सबसे ज़्यादा 40.62 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि द्वीप शहर में 26.03 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 22.47 मिलीमीटर बारिश हुई है.
मॉनसून एक्टिव... मुंबई में आज भी भारी बारिश, 6 जुलाई तक मौसम विभाग का अलर्ट
बता दें कि भारी बारिश और पानी भरने की वजह से सुबह पीक टाइम में मुंबई की सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त रही. हालांकि, लोकल ट्रेनों पर असर नहीं पड़ा.नवी मुंबई के लोगों ने प्रशासन से नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की है. उन्होंने कहा कि हर मॉनसून में जलभराव की समस्या सामने आती है.
(ठाणे से निलेश पाटील के इनपुट के साथ)