मुंबई समेत महाराष्ट्र के सभी इलाकों में मॉनसून ने जोर पकड़ लिया है. पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखी जा रही है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और आसपास के जिलों के लिए आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में भारी बारिश की संभावना है. जबकि सिंधुदुर्ग और आस-पास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो/ऑरेंज अलर्ट जारी है.
इस बीच मुंबई के कई इलाकों में सुबह-सुबह बारिश की गतिविधियां देखी जा रही हैं. मरीन बीच और ईस्टर्न एक्सप्रेसवे पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई है.
बारिश से मुंबईवासियों को गर्मी से राहत मिली है. तापमान में गिरावट के साथ शहर में मौसम सुहावना है. आज के मौसम की बात करें तो मुंबई में 25 जून को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, अभी अगले कुछ दिन ऐसा ही वेदर रहने की संभावना है.
बता दें कि मुंबई में बीते दिन यानी बुधवार सुबह इस सीजन की पहली भारी बारिश ने पूरे शहर में हाहाकार मचा दिया था. सड़कें पानी से भर गईं, लोकल ट्रेनें देरी से चलीं और कई इलाकों में पानी भर गया. सुबह के पीक आवर्स में लोग घर से निकलने के बाद फंस गए थे.
अंडरपास लबालब, सड़कें और रेलवे ट्रैक पानी-पानी... मॉनसून की बारिश में डूबी मुंबई, देखें हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक शहर के कई हिस्सों में 300 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. कोलाबा में 248 मिमी और सांताक्रुज में 225 मिमी बारिश हुई है. वहीं, मालवानी में सबसे ज्यादा 340 मिमी और परेल में 334 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 2-3 दिन मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है. उसके बाद बारिश की तीव्रता थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन मॉनसून पूरी तरह एक्टिव रहेगा. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य तारीख से 13 दिन देरी से मुंबई पहुंचा है.