scorecardresearch
 

मुंबई: बांद्रा में अवैध निर्माण हटाने के दौरान हिंसा, पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज

मुंबई पुलिस के मुताबिक, बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर गरीबनगर इलाके में रेलवे की जमीन पर बने अवैध ढांचों को हटाने का अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की और तोड़फोड़ दस्ते पर पथराव किया.

Advertisement
X
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल का इस्तेमाल किया. (Photo- ITG)
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल का इस्तेमाल किया. (Photo- ITG)

मुंबई के बांद्रा ईस्ट स्थित गरीबनगर इलाके में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान बुधवार को स्थिति हिंसक हो गई. अवैध निर्माण हटाने पहुंची टीम पर कुछ स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया. घटना बांद्रा के निर्मल नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है.

मुंबई पुलिस के मुताबिक, बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर गरीबनगर इलाके में रेलवे की जमीन पर बने अवैध ढांचों को हटाने का अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की और तोड़फोड़ दस्ते पर पथराव किया. 

पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल का इस्तेमाल किया. पुलिस ने कहा है कि मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

जानकारी के अनुसार, पश्चिम रेलवे ने मंगलवार से गरीबनगर स्लम इलाके में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया था. बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे की करीब 5,200 वर्गमीटर जमीन खाली कराने के लिए पांच दिन का अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान लगभग 500 अवैध झोपड़ियों को हटाने का लक्ष्य रखा गया है.

Advertisement

अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान सुरक्षा के लिए 1,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों को तैनात किया गया था. इनमें मुंबई पुलिस, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF), गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे विभाग के अधिकारी शामिल थे.

बुधवार को अभियान के दूसरे दिन प्रशासन ने गरीबनगर सुन्नी मस्जिद नामक कथित अवैध तीन मंजिला धार्मिक ढांचे को तोड़ना शुरू किया. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताया. उनका आरोप था कि प्रशासन ने मस्जिद से सामान और अन्य सामग्री हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मस्जिद तोड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और इलाके में तनाव बढ़ गया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया. इस दौरान महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने की खबर है.

घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें पुलिस कार्रवाई और लोगों के विरोध को देखा जा सकता है. पुलिस के अनुसार, लाठीचार्ज के बाद कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. इसके बाद इलाके में कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

पुलिस ने पथराव के आरोप में करीब 15 लोगों को हिरासत में लिया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement