scorecardresearch
 

महाराष्ट्र: रिफाइंड तेल और एसेंस से बन रहा था नकली घी, 13 लाख का मिलावटी माल जब्त

महाराष्ट्र के जालना जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीर्थपुरी स्थित एक घी निर्माण इकाई पर छापा मारा. जांच में शुद्ध घी के नाम पर रिफाइंड सोयाबीन तेल और एसेंस मिलाकर नकली घी बनाए जाने का खुलासा हुआ. विभाग ने 13 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त कर फैक्ट्री सील कर दी.

Advertisement
X
शुद्ध घी के नाम पर बड़ा खेल!(Photo: AI-generated)
शुद्ध घी के नाम पर बड़ा खेल!(Photo: AI-generated)

महाराष्ट्र के जालना जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घनसावंगी तहसील के तीर्थपुरी स्थित एक घी निर्माण इकाई पर छापा मारा है. इस कार्रवाई में 13 लाख रुपये से अधिक कीमत का 1 हजार 900 लीटर से ज्यादा मिलावटी घी और खाद्य तेल जब्त किया गया है.

अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान संबंधित फैक्ट्री को अगले आदेश तक सील कर दिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां शुद्ध घी के नाम पर मिलावटी उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे थे.

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंडे के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने तीर्थपुरी स्थित मुंदडा इंडस्ट्रीज में छापेमारी की. इस दौरान फैक्ट्री में चल रही उत्पादन प्रक्रिया और कच्चे माल की जांच की गई.

यह भी पढ़ें: जालना में शादी में खाना परोसने को लेकर विवाद, दूल्हा-दुल्हन पक्ष में जमकर चले लाठी-डंडे

रिफाइंड तेल और एसेंस से तैयार किया जा रहा था नकली घी

जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि शुद्ध घी के नाम पर रिफाइंड सोयाबीन तेल और विभिन्न प्रकार के एसेंस का इस्तेमाल कर नकली घी तैयार किया जा रहा था. यह उत्पाद उपभोक्ताओं को असली घी के रूप में बेचे जाने की आशंका जताई गई है.

Advertisement

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग ब्रांड के पैक्ड घी के पांच नमूने, खुले में रखा गया घी, रिफाइंड सोयाबीन तेल और इस्तेमाल किए जा रहे एसेंस सहित कुल आठ खाद्य नमूने एकत्र किए.

इन सभी नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण और विश्लेषण के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि उत्पादों में किस स्तर तक मिलावट की गई थी.

1903 लीटर से अधिक सामग्री बरामद

कार्रवाई के दौरान विभाग ने 1 हजार 121.8 लीटर पैक्ड घी, 663.8 लीटर खुला घी और 118 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल बरामद किया. कुल मिलाकर 1 हजार 903.6 लीटर सामग्री जब्त की गई.

अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए माल की कुल कीमत 13 लाख 4 हजार 539 रुपये आंकी गई है. इतनी बड़ी मात्रा में मिलावटी सामग्री मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.

फिलहाल जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है. विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि यह माल किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था.

रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

साथ ही संबंधित आस्थापना को अगले आदेश तक सील कर दिया गया है ताकि जांच पूरी होने तक उत्पादन और वितरण की गतिविधियां बंद रहें.

विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement