पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की मुख्य आरोपी सिया के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा से पुलिस ने शनिवार को कड़ी पूछताछ की. इस दौरान सिया के भाई साहिल को भी बुलाया गया था. शुक्रवार को भी साहिल से पूछताछ हुई थी.
शनिवार सुबह करीब 11 बजे लोणावला ग्रामीण पुलिस ने गोयल परिवार को बुलाया और करीब 12 घंटों तक केतन के मर्डर को लेकर सवाल किए. पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान गोयल फैमिली से कई अहम सवाल पूछ गए और उन्होंने जवाब कुछ ऐसे दिए.
सवाल: क्या आपको पता था कि सिया और चेतन दोस्त थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे?
जवाब: हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. सिया ने कभी चेतन के बारे में हमें कुछ नहीं बताया, इसलिए हमें यह भी नहीं पता था कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे या नहीं.
सवाल: क्या सिया ने चेतन से शादी करने की जिद की थी?
जवाब: सिया ने कभी यह नहीं कहा कि वह चेतन से शादी करना चाहती है.
सवाल: क्या सिया की सहमति से केतन के साथ रिश्ता तय किया गया था?
जवाब: केतन का रिश्ता मित्तल परिवार की ओर से आया था. हमने पहले सिया को केतन अग्रवाल के बारे में बताया और उसकी तस्वीरें दिखाईं. उसकी सहमति मिलने के बाद ही अग्रवाल परिवार से आगे बात की गई. शादी का अंतिम फैसला लेने से पहले भी हमने यह सुनिश्चित किया कि सिया को केतन पसंद है. उसके हां कहने के बाद ही सगाई की गई.
सवाल: क्या सिया को केतन का स्वभाव पसंद नहीं था?
जवाब: रिश्ता तय होने के बाद दोनों की बातचीत शुरू हुई. सगाई के बाद वे कई बार मिले, साथ घूमने भी गए. केतन कई बार हमारे घर भी आए, लेकिन सिया ने कभी यह शिकायत नहीं की कि उसे केतन का स्वभाव पसंद नहीं है.
सवाल: क्या सिया पर केतन से शादी करने का दबाव डाला जा रहा था?
जवाब: सिया ने कभी नहीं कहा कि वह मजबूरी में शादी कर रही है. वह हमारी लाडली बेटी है, इसलिए हमने उस पर किसी तरह का दबाव नहीं डाला.
सवाल: क्या आपको यह नहीं पता था कि रिश्ता तय होने के बाद भी सिया चेतन से मिलती थी?
जवाब: हमें इसकी बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी.
सवाल: क्या आपको यह भी नहीं पता था कि साहिल और चेतन दोस्त हैं?
जवाब: साहिल ने खुद बताया है कि वह चेतन का दोस्त है. दोनों क्रिकेट खेलने के दौरान एक ही मैदान पर मिलते थे. साहिल के कई दोस्त हैं, चेतन उनमें से एक हो सकता है. लेकिन हमने दोनों को कभी साथ नहीं देखा.
सवाल: क्या आपको केतन की हत्या की साजिश के बारे में कोई जानकारी थी?
जवाब: आज भी हमें विश्वास नहीं होता कि सिया ऐसा कुछ कर सकती है. केतन हमारे घर आते थे, सिया के साथ घूमने जाते थे. हमने हमेशा दोनों को हंसते-मुस्कुराते देखा. इसलिए हमारे मन में कभी यह शक नहीं आया कि किसी तरह की साजिश रची जा रही है.
ये है पूरा मामला
बता दें कि पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय सिया गोयल और उसके 22 वर्षीय कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर आरोप है कि दोनों ने मिलकर 18 जून को पुणे जिले के मावल तालुका स्थित लोहगढ़ किले पर 25 वर्षीय केतन अग्रवाल को खाई में धक्का देकर हत्या कर दी. पुलिस का दावा है कि केतन और सिया की नवंबर में शादी होने वाली थी, लेकिन सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी.
इसी कारण उसने कथित तौर पर चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस सूत्रों के अनुसार, केतन की हत्या से पहले सिया और चेतन ने पूरी योजना तैयार की थी.
ऐसे की पूरी प्लानिंग
इसमें यह तय किया गया कि लोहगढ़ किले पर कौन किस जगह खड़ा रहेगा, चेतन किस दिशा से आएगा और किस समय केतन को धक्का दिया जाएगा. सिया पहले भी केतन के साथ लोहगढ़ किला जा चुकी थी, इसलिए उसे वहां के रास्तों और स्थानों की अच्छी जानकारी थी.
जांच में यह भी सामने आया है कि मार्च और अप्रैल के दौरान सिया शादी की तैयारियों में सक्रिय रूप से शामिल रही. इस दौरान दोनों के फोटोशूट हुए, गिफ्ट, लिया दिया और परिवारों के बीच कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. जांच एजेंसियों के अनुसार, चेतन के दोबारा संपर्क में आने के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ लिया और इसके बाद कथित साजिश को अंतिम रूप दिया गया.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. डिजिटल सबूत, कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित साजिश किस तरह बनाई गई और उसमें किन-किन लोगों की क्या भूमिका थी. मामले में आगे की जांच जारी है.