महाराष्ट्र के कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र में युवाओं को निशाना बनाकर ठगी करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां कुछ लोगों ने 18 से 19 साल के छात्रों को ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया और उनसे जरूरी दस्तावेज लेकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवा लिए. बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल कर लाखों रुपये का लेन-देन किया गया.
मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में लगभग 50 से 60 छात्र प्रभावित हुए हैं. बताया जा रहा है कि ठगों ने छात्रों से संपर्क किया और उन्हें बताया कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए अच्छी कमाई हो सकती है. इस प्रक्रिया के लिए बैंक खाता खोलने की जरूरत बताई गई.
झांसे में आकर कई छात्रों ने अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज उन्हें दे दिए. आरोप है कि इन दस्तावेजों के आधार पर छात्रों के नाम से बैंक खाते खोले गए. शुरुआत में छात्रों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. करीब दो साल बाद जब कुछ छात्रों को इन खातों में बड़े पैमाने पर लेन-देन होने की जानकारी मिली, तब उन्हें पूरे मामले का संदेह हुआ. इसके बाद मामला सामने आया और पुलिस तक पहुंचा.
इस गंभीर मामले को लेकर नगरसेवक महेश गायकवाड़ ने छात्रों के साथ परिमंडल 3 के उपायुक्त अतुल झेंडे से मुलाकात की और छात्रों के खातों का दुरुपयोग कर आर्थिक ठगी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.इस दौरान उपायुक्त झेंडे ने संबंधित आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. साथ ही उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी व्यक्ति को अपने व्यक्तिगत दस्तावेज, बैंक विवरण या ओटीपी साझा न करें.
फिलहाल, कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र में इस तरह की अन्य घटनाएं हुई हैं या नहीं, इसकी भी पुलिस जांच कर रही है. इस घोटाले का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है. अभिभावकों ने भी छात्रों की लापरवाही का फायदा उठाने वाले गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.