बाजार में मिलने वाले टोमेटो कैचअप में अगर टमाटर की जगह आलू की पेस्ट का इस्तेमाल हो, तो आप क्या कहेंगे? गुजरात के अहमदाबाद में ऐसी ही एक फैक्ट्री पर स्वास्थ्य विभाग ने छापा मारा है. यहां टमाटर की जगह आलू के पेस्ट, रंग और फ्लेवर का इस्तेमाल करके केचप तैयार किया जा रहा था. टीम ने फैक्ट्री से 10,630 किलो माल जब्त किया है. इसके बाद फैक्ट्री को सील कर दिया गया.
यह कार्रवाई अहमदाबाद के गोता इलाके में मेलड़ी एस्टेट स्थित आई श्री खोडियार गृह उद्योग में हुई. नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम को यहां टोमेटो केचप, चटनी और शरबत जैसा सामान मिला. इसमें बाजार में बिक्री के लिए तैयार करीब 5,000 किलो माल शामिल था. इसके अलावा 5,000 किलो से ज्यादा कच्चा माल भी बरामद किया गया.
आलू के पेस्ट से कैसे बन रहा था केचप?
अहमदाबाद नगर निगम के फूड सेफ्टी ऑफिसर महेंद्र पटेल के मुताबिक, फैक्ट्री में टमाटर की जगह आलू का इस्तेमाल किया जा रहा था. पहले आलू की पेस्ट बनाई जाती थी, फिर उसका पाउडर तैयार होता था. इसमें पानी मिलाकर अलग-अलग रंग और फ्लेवर डाले जाते थे. इसके बाद तैयार सामान को टोमेटो केचप के नाम पर बाजार में सप्लाई किया जाता था.
एक रुपये के पैकेट में भी हो रही थी सप्लाई
छापे के दौरान फैक्ट्री में पांच किलो के डिब्बों में पैक किया गया कैचअप मिला. इसके अलावा दाबेली और वड़ापाव की दुकानों के लिए एक रुपये वाले छोटे पैकेट भी तैयार किए जा रहे थे. इन्हें दुकानों पर सप्लाई किया जाना था. यानी जिन डिब्बों और पैकेटों को टोमेटो कैचअप बताकर बेचा जा रहा था, उनमें टमाटर का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था. स्वास्थ्य विभाग ने मौके से पांच सैंपल लिए हैं, ताकि सामान में इस्तेमाल हुई सामग्री और उसे बनाने के तरीके की जांच हो सके.
फैक्ट्री सील, लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू
स्वास्थ्य विभाग ने फैक्ट्री को सील कर दिया है. उसका लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी शुरू की गई है. वहां मिले माल को बाजार में भेजने से रोक दिया गया है. आगे की कार्रवाई सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी.
अहमदाबाद में इस तरह की यह दूसरी कार्रवाई है. दो दिन पहले बहेरामपुरा इलाके में भी स्वास्थ्य विभाग ने एक फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 2,000 किलो टोमेटो कैचअप जब्त किया था. अब गोता इलाके में हुई कार्रवाई के बाद एक बार फिर कैचअप बनाने के तरीके पर सवाल उठे हैं.