scorecardresearch
 

58 वीडियो क्लिप और 150 करोड़ की संपत्ति... गिरफ्तार ज्योतिषी की ऐसे खुली करतूत

नासिक में रेप केस में गिरफ्तार ज्योतिषाचार्य अशोक खरात उर्फ कैप्टन खरात की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. पुलिस को 58 वीडियो क्लिप मिले हैं और 150 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा हुआ है. शिरडी में ब्लैकमेलिंग का मामला भी एक सामने आया है. इस केस की SIT जांच IPS तेजस्विनी सातपुते कर रही हैं, जांच में कई बड़े खुलासों की संभावना है.

Advertisement
X
गिरफ्तार ज्योतिषी अशोक खरात की कुल संपत्ति करीब 150 से 200 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है (Photo: ITG)
गिरफ्तार ज्योतिषी अशोक खरात की कुल संपत्ति करीब 150 से 200 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है (Photo: ITG)

नासिक में जो खुद को ज्योतिषाचार्य बताकर नेताओं, कारोबारियों और सेलिब्रिटीज़ का भविष्य तय करने का दावा करता था, वही अब गंभीर आपराधिक आरोपों में घिरा है. खुद को ‘कैप्टन’ कहने वाले अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद जैसे-जैसे परतें खुल रही हैं, तस्वीर और चौंकाने वाली होती जा रही है. रेप और ब्लैकमेलिंग के आरोप गिरफ्तार खरात के पास 58 वीडियो क्लिप और 150 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति मिली है. 

नासिक क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने 18 तारीख की सुबह करीब 4 बजे कार्रवाई करते हुए अशोक खरात को गिरफ्तार किया था. उसके खिलाफ सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज है. मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) को सौंप दी है. इस टीम का नेतृत्व महिला आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सातपुते कर रही हैं. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने आरोपी से करीब दो घंटे तक पूछताछ की, लेकिन फिलहाल आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है. उनका कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और जैसे-जैसे तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

58 वीडियो और कई सवाल

इस केस का सबसे चौंकाने वाला सबूत 58 वीडियो क्लिक बताया जा रहा है. छापेमारी के दौरान ये वीडियो अलग-अलग डिजिटल डिवाइस से बरामद किए गए. बताया जा रहा है कि इनमें कुछ वीडियो कथित तौर पर महिलाओं और चर्चित चेहरों से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, पुलिस ने अभी इनकी पुष्टि नहीं की है. इन वीडियो की फॉरेंसिक जांच चल रही है. बताया जा रहा है कि अगर ये आरोप सही साबित होते हैं, तो मामला सिर्फ यौन शोषण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक बड़े ब्लैकमेलिंग रैकेट की शक्ल भी ले सकता है.

Advertisement

शिरडी कनेक्शन: ब्लैकमेलिंग का नया एंगल

इस बीच एक और मामला सामने आया है. शिरडी में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसे एक फोन नंबर से उसकी आपत्तिजनक तस्वीर भेजी गई और उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे गए. इस मामले में आरोपी के ऑफिस से जुड़े एक कर्मचारी नीरज जाधव का नाम सामने आया है. महिला का दावा है कि वह कुछ साल पहले खरात के ऑफिस गई थी और वहीं से उसकी तस्वीरें ली गईं. अब सवाल यह उठ रहा है कि नीरज जाधव यह सब अपने स्तर पर कर रहा था या फिर इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था. फिलहाल, उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस एंगल को गंभीरता से जांच रही है.

हथियार और कैश की बरामदगी

पुलिस की छापेमारी के दौरान खरात के घर से एक पिस्टल, कारतूस और करीब साढ़े छह लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. जांच में सामने आया है कि पिछले 15 सालों में अशोक खरात ने भारी-भरकम संपत्ति बनाई है. पुलिस के अनुसार, उसकी कुल संपत्ति करीब 150 से 200 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है.

कहां कितनी जमीनें : 

- नासिक के पाथर्डी इलाके में कई जमीनें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

Advertisement

- सिन्नर तालुका के मिरगांव और कहंदलवाड़ी में करीब 45 एकड़ जमीन.

पाथर्डी और गौलाने इलाके में 30 करोड़ रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी, जो परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज है.

मिरगांव में ईशान्येश्वर मंदिर के पीछे करीब 10 करोड़ रुपये का फार्महाउस.

ओझर एयरपोर्ट के पास जनोरी गांव में करीब 5 करोड़ रुपये की जमीन.

नासिक के कर्मयोगी नगर में बंगला और कनाडा कॉर्नर पर ऑफिस.

शिरडी में भी करोड़ों की खेती योग्य जमीन.

मंदिर ट्रस्ट और बढ़ता प्रभाव

अशोक खरात नासिक के सिन्नर तालुका के मिरगांव स्थित ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का चेयरमैन भी है. इस पद के जरिए उसने सामाजिक और धार्मिक प्रभाव भी हासिल किया. नवंबर 2022 में जब महाराष्ट्र के तल्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मिरगांव पहुंचे थे, तब खरात चर्चा में आया था. इसके बाद उसकी पहचान तेजी से बढ़ी और बड़े लोगों का उसके यहां आना-जाना शुरू हो गया. महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के कार्यकर्ता पहले से ही खरात के खिलाफ आवाज उठा रहे थे. उनका आरोप था कि वह लोगों की आस्था का गलत इस्तेमाल कर रहा है. जब मुख्यमंत्री की उससे मुलाकात हुई थी, तब भी इस पर विवाद हुआ था और सवाल उठे थे कि ऐसे लोगों को बढ़ावा क्यों दिया जा रहा है. अब गिरफ्तारी के बाद वही मुद्दा फिर से चर्चा में है.

Advertisement

फिलहाल SIT पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. पुलिस की नजर आरोपी के वित्तीय लेनदेन, डिजिटल सबूतों और उसके नेटवर्क पर है. बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह साफ हो सकेगा कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित है या इसके पीछे एक बड़ा संगठित नेटवर्क काम कर रहा था.

(रिपोर्ट: प्रवीण ठाकरे)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement