झारखंड के गोड्डा जिले में अवैध संबंध के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हत्या के आरोप में पुलिस ने रिश्ते में लगने वाले दो चाचाओं और चाची को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
गोड्डा के एसडीपीओ अशोक रविदास ने पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि यह घटना 8 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे की है. डायल 112 पर संजीव कुमार यादव ने सूचना दी थी कि एक युवक उनके घर में घुसकर बदमाशी कर रहा है. सूचना पर पथरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति हाथ-पैर बंधा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला. उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: झारखंड के गोड्डा में 12,000 लीटर 'मिलावटी' पेट्रोल जब्त, बिहार ले जाए जा रहे थे टैंकर
मृतक की पहचान मालरामपुर गांव निवासी इंद्रदेव यादव के पुत्र नीरज कुमार यादव के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि नीरज का अपने चचेरे चाचा संजीव कुमार यादव की पत्नी पिंकी देवी के साथ पिछले तीन-चार वर्षों से अवैध संबंध था. इस संबंध को लेकर पहले भी पंचायतें हो चुकी थीं और दोनों परिवारों में मारपीट की घटनाएं होती रहती थीं.
छत फांदकर घर में घुसा था युवक
घटना की रात नीरज कुमार यादव कथित रूप से छत फांदकर अपनी चाची पिंकी देवी से मिलने गया था. इसी दौरान चाचा संजीव कुमार यादव ने उसे और अपनी पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. इसके बाद संजीव कुमार यादव ने अपने भाई दिवाकर यादव के साथ मिलकर नीरज की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस के अनुसार मृतक के पिता इंद्रदेव यादव की लिखित शिकायत के आधार पर पथरगामा थाने में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई.
पुलिस ने घटना में शामिल तीनों आरोपी दो चचेरे चाचा और चाची को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
पुलिस ने किया हथियार और सबूत बरामद
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई बांस की लाठी, हथौड़ा, रस्सी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. अधिकारियों के अनुसार यह सभी सामग्री घटना से जुड़े साक्ष्य के रूप में जब्त की गई है.
पूरे मामले की जानकारी गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक रविदास ने दी और बताया कि जांच में सभी पहलुओं को गंभीरता से देखा जा रहा है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.