विज्ञान और तकनीक के इस दौर में भी अंधविश्वास की जड़ें समाज के कई हिस्सों में गहरी बनी हुई हैं. झारखंड की राजधानी रांची के पास एक ऐसी ही हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में एक युवक को अमानवीय सजा दी गई.कथित तौर पर उसकी बेगुनाही साबित करने के लिए उसके दोनों हाथ उबलते गोबर मिले पानी में डुबो दिए गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.
यह मामला नरकोपी थाना क्षेत्र के सरवा गांव का है.जानकारी के अनुसार गांव के एक घर से करीब 20 हजार रुपये चोरी होने की बात सामने आई थी.इसके बाद गांव के ही 18 साल के अनूप उरांव पर चोरी का आरोप लगाया गया.बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उस पर चोरी कबूल करने का दबाव बनाया.
आरोप है कि युवक की सच्चाई परखने के नाम पर उसके दोनों हाथ उबलते गोबर मिश्रित पानी में डलवा दिए गए.लोगों का कहना था कि यदि उसने चोरी नहीं की होगी तो उसे कोई नुकसान नहीं होगा. हालांकि गर्म पानी में हाथ डालते ही युवक दर्द से चीखने लगा, लेकिन उसकी बात पर किसी ने ध्यान नहीं दिया.घटना में युवक के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए.
इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां उसका उपचार चल रहा है.घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पीड़ित युवक तथा उसकी मां का बयान दर्ज किया.पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.