scorecardresearch
 

एक ही दिन, दो कपल, चार मौतें...नई शादी और प्यार की दो दर्दनाक कहानियां

झारखंड के लोहरदगा में नवविवाहित दंपति की जलने से मौत हुई, जबकि जामताड़ा में अलग धर्मों के प्रेमी जोड़े के शव रेलवे पटरी पर मिले. पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है और शुरुआती तौर पर आत्महत्या का शक जता रही है.

Advertisement
X
एक ही दिन में दो जोड़ों के मौत का मामला सामने आया है (Representational)
एक ही दिन में दो जोड़ों के मौत का मामला सामने आया है (Representational)

झारखंड में शनिवार को दो दर्दनाक हादसे सामने आए. लोहरदगा में नई-नई शादी करने वाले एक जोड़े की मौत हो गई. वहीं, जामताड़ा में एक इंटरफेथ कपल के शव रेलवे ट्रैक पर मिले. पुलिस अब दोनों मामलों की जांच में जुटी है. शुरुआती जांच में दोनों घटनाओं के पीछे अलग-अलग वजहें सामने आई हैं.

पहली घटना लोहरदगा के भंडारा थाना क्षेत्र के धनामुंजी गांव की है. यहां 25 साल के अजीत उरांव और उनकी 20 साल की पत्नी बाल्मीकि उरांव की जलकर मौत हो गई. दोनों की हाल ही में शादी हुई थी. पुलिस के मुताबिक, शनिवार को परिवार के लोगों ने घर के अंदर से आग की लपटें देखीं. दरवाजा अंदर से बंद था. परिजनों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और तुरंत भंडारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

अस्पताल पहुंच कर डॉक्टरों ने अजीत को मृत घोषित कर दिया. उनकी पत्नी को गंभीर हालत में रांची के RIMS भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर मानसिक तनाव की आशंका जताई है. फिलहाल केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. 

परिवार के खिलाफ जाकर प्रेमी जोड़े ने की थी शादी

Advertisement

दूसरी घटना जामताड़ा के करमाटांड़ थाना क्षेत्र की है. यहां रिंगोचिंगो गांव के 20 साल के रॉकी कुमार मंडल और 17 साल की नाजिया खातून के शव रेलवे ट्रैक पर मिले. पुलिस के मुताबिक, दोनों शुक्रवार रात मेला देखने के लिए घर से निकले थे. इसके बाद वे एक मंदिर भी गए. रॉकी के मोबाइल से जोड़े की एक तस्वीर मिली है. पुलिस का कहना है कि दोनों 2024 से रिश्ते में थे.

यह भी पढ़ें: लखनऊ के सआदतगंज में ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत, पार्किंग विवाद में खूनी संघर्ष

शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है. पुलिस के मुतािबक, दोनों के परिवार उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे. पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए.

चार मौतों से उठ रहे सवाल

दोनों घटनाएं अलग-अलग जगह हुईं, लेकिन दोनों के पीछे रिश्तों और तनाव की बात सामने आ रही है. लोहरदगा मामले में पुलिस मानसिक तनाव की आशंका पर जांच कर रही है, जबकि जामताड़ा मामले में परिवार की असहमति को इस घटना में अहम पहलू माना जा रहा है. फिलहाल दोनों मामलों में जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएंगी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement