scorecardresearch
 

नदी में बहन की लाश, कुएं में भाई की...हजारीबाग में लापता बच्चों की मौत से सनसनी

हजारीबाग में भाई-बहन के शव अलग-अलग स्थानों से मिलने की घटना ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है. कुछ दिनों से लापता दोनों बच्चों की मौत रहस्य बनी हुई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है. परिजन और स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

Advertisement
X
लापता बच्चों की मौत से सनसनी (Photo: itg)
लापता बच्चों की मौत से सनसनी (Photo: itg)

झारखंड के हजारीबाग जिले में भाई-बहन के शव मिलने की दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. सदर विधानसभा क्षेत्र के सिंदूर पंचायत भवन के समीप हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टास्क फोर्स का गठन कर जांच तेज कर दी है.

जानकारी के अनुसार, भाई और बहन पिछले कुछ दिनों से लापता थे. परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था. रविवार को बहन का शव सिंदूर नदी से बरामद हुआ. इस घटना से परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई थी. इसके अगले दिन सोमवार को भाई का शव एक कुएं से मिलने के बाद पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया.

मृतक बच्चों का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. परिवार हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में रहकर जीवनयापन करता था. परिजन सड़क और बाजारों में खिलौने बेचकर अपना गुजारा करते हैं.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

Advertisement

स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है और सभी संभावित पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है. देर शाम तक पुलिस को मामले में कोई बड़ी सफलता नहीं मिली थी. 
 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement