scorecardresearch
 

जहां पड़ने थे फेरे, वहां चल गए लाठी-डंडे, बिना दुल्हन लौट गई बारात, जानें किस बात पर हुआ बवाल

गढ़वा जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. बारातियों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए. हालात ऐसे बने कि शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं और दूल्हा बिना दुल्हन के ही बरात लेकर वापस लौट गया.

Advertisement
X
आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदला. (Photo: Screengrab)
आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदला. (Photo: Screengrab)

झारखंड के गढ़वा जिले में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक मामूली विवाद ने पूरे समारोह को हिंसा की आग में झोंक दिया. आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों और ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हुई. लाठी-डंडे और पत्थर चले, कई लोग घायल हुए और आखिरकार शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं. दूल्हा बिना दुल्हन के ही बरात लेकर वापस लौट गया. घटना केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के बिगहा टोला की है. यहां ददई पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी पलामू जिले के ऊंटारी थाना क्षेत्र के पाड़ेयपुरा गांव निवासी दशरथ राम के पुत्र राजू कुमार के साथ तय हुई थी. शादी समारोह में बरात धूमधाम से पहुंची थी और जयमाला कार्यक्रम भी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया था.

जयमाला के बाद मेहमानों और बारातियों के मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम के दौरान गांव के कुछ युवक कथित तौर पर जबरन स्टेज पर चढ़ने लगे. इस बात का बरातियों ने विरोध किया. शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ता चला गया. कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. विवाद इतना बढ़ा कि बारातियों और ग्रामीणों के बीच लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे. शादी का माहौल अचानक रणक्षेत्र में बदल गया. कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

बारातियों और ग्रामीणों में हुई मारपीट

मारपीट में दूल्हे के पिता दशरथ राम समेत कई बराती घायल हो गए. दूल्हे के पिता को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं दुल्हन के पिता ददई पासवान और दुल्हन की बहन अनीता भी इस झड़प में घायल हो गए. सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने बरात में शामिल आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को भी निशाना बनाया. कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए, जिससे बरातियों में दहशत फैल गई.

Advertisement

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

घटना के बाद शादी की आगे की रस्में नहीं हो सकीं. माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि दूल्हा राजू कुमार बिना विवाह संपन्न किए ही बरात के साथ वापस लौट गया. जिस शादी में खुशियों और नए रिश्तों की शुरुआत होनी थी, वह विवाद और हिंसा की वजह से अधूरी रह गई. घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और मामले की जानकारी जुटाई. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस अब मारपीट और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है. वहीं घटना के बाद दोनों परिवारों में मायूसी का माहौल है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब इस घटना की चर्चा हो रही है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement