
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियानों में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जहां तीन आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं उत्तरी कश्मीर के सोपोर इलाके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है.
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के पदपवन इलाके में सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक जॉइंट ऑपरेशन चलाया. इस कार्रवाई के दौरान तीन आतंकी सहयोगियों को दबोच लिया गया.
सुरक्षा बलों ने इनके पास से 2 हैंड ग्रेनेड, प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के पोस्टर और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पकड़े गए आतंकियों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके नेटवर्क और मंसूबों का पता लगाया जा सके.

सोपोर के वीरान मकान से मिला हथियारों का जखीरा
उधर, उत्तरी कश्मीर के सोपोर में भी सुरक्षा बलों ने एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया. स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) सोपोर, 52 राष्ट्रीय राइफल्स (RR), 177 बटालियन CRPF और 179 बटालियन CRPF की जॉइंट टीम ने तारजू पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मंजसीर इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया.
यह भी पढ़ें: आतंकियों ने फिर दी कश्मीरी पंडितों को धमकी, हिट लिस्ट भी जारी की
तलाशी अभियान के दौरान संयुक्त बलों को एक वीरान मकान से हथियारों का जखीरा मिला. बताया जा रहा है कि ये मकान एक कश्मीरी पंडित परिवार का है, जो 1990 में इस इलाके से पलायन कर गया था. मकान से एक AK-47 राइफल, 3 मैगजीन 72 राउंड कारतूस 4 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं.