जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में बुधवार को एक प्राइवेट स्कूल में धमाका हो गया. इस धमाके में 12 बच्चे घायल हुए हैं. धमाके के बाद सभी घायल बच्चों को पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ये धमाका किस वजह से हुआ अभी इस बात का पता नहीं चल पाया है.
बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट स्कूल के एक हिस्से में धमाका हुआ. इस धमाके में 10वीं क्लास के स्टूडेंट घायल हुए हैं. फलाही-ई-मिलात प्राइवेट स्कूल पुलवामा के काकपोरा में मौजूद है. आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में बीते दो-तीन दिनों में कई मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं. ऐसे में घाटी में सुरक्षाबल सतर्कता बरत रहे हैं.
स्थानीय पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोपहर ढाई बजे प्राइवेट स्कूल के क्लास रूम में धमाका हुआ. अभी तक 12 बच्चे घायल हुए हैं, सभी की हालत ठीक है. पुलिस के मुताबिक, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है.
J&K Police: At 1430 hours, explosion took place inside the class room at private school Falai-e-Millat at Narbal, Pulwama. Reportedly, 12 students have sustained injuries, their condition is stable. Case has been registered and investigation is in progress.
— ANI (@ANI)
धमाके के वक्त स्कूल में मौजूद टीचर जावेद अहमद ने बताया कि जिस दौरान वह स्कूल में पढ़ा रहे थे, तभी एक धमाका हुआ. उन्होंने कहा कि अभी वह नहीं कह सकते हैं कि कितने स्टूडेंट्स को चोट पहुंची है.
मंगलवार को ही पुलवामा में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस एनकाउंटर में सेना का जवान शहीद हुआ था, जबकि एक जवान घायल हुआ था. इससे पहले भी उरी सेक्टर में कुछ संदिग्धों को देखा गया था.
बुधवार को ही जम्मू-कश्मीर के बडगाम में हुई मुठभेड़ में सेना को बड़ी कामयाबी मिली थी. बुधवार सुबह ही मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर कमांडर अबु माज समेत दो आतंकियों को मार गिराया था.