हरियाणा के पलवल में एक हत्या के बाद जो हुआ, उसने पुलिस को भी चौंका दिया. 19 साल का एक लड़का खुद थाने पहुंचा और SHO की टेबल पर देसी कट्टा रख दिया. उसने पुलिस से कहा कि वह अपनी मां की हत्या का बदला लेकर आया है और अब उसे गिरफ्तार कर लिया जाए. लड़के के चेहरे पर न डर था और न ही पछतावे के कोई संकेत. इसके बाद पुलिस ने जब पूरे मामले की जांच शुरू की तो पुरानी रंजिश और बदले की कहानी सामने आई. मामला पलवल के जवाहर नगर कैंप का है. यहां शनिवार रात 52 साल के सुरेश उर्फ दलीप की हत्या कर दी गई. आरोप है कि सुरेश को पहले गोली मारी गई फिर उस पर चाकू से हमला किया गया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, सुरेश शनिवार देर रात अपने घर के बाहर बैठा था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 19 साल का दुष्यंत उर्फ देवा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा. उसके साथ देवेंद्र, जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा भी थीं. आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. बताया गया है कि विवाद बढ़ने के बाद दुष्यंत और देवेंद्र ने सुरेश पर चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद उसे गोली मार दी गई. हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास के लोगों ने उसे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मां की हत्या का बदला लेने बेटने ने किया मर्डर
हत्या के बाद दुष्यंत फरार नहीं हुआ. वह सीधे कैंप थाने पहुंच गया. उसके हाथ में देसी कट्टा था और उसके पास तीन जिंदा कारतूस भी थे. थाने पहुंचकर उसने हथियार पुलिस के सामने रख दिया और हत्या की बात कबूल कर ली. उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां की हत्या का बदला लेने के लिए सुरेश को मारकर आया है. पुलिस ने दुष्यंत को हिरासत में ले लिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की जांच की. पुलिस के मुताबिक, मौके से खून से सने पत्थर और ईंटों के अलावा गोली के खाली खोल भी बरामद हुए हैं.
पुलिस पूछताछ में दुष्यंत ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई. उसके मुताबिक, वर्ष 2023 में वह गली में स्पीड ब्रेकर बनवा रहा था. इसी बात को लेकर उसकी मां का सुरेश के साथ विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सुरेश ने उसकी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. दुष्यंत के मुताबिक, इसी घटना के बाद उसने सुरेश से बदला लेने की ठान ली थी. मृतक सुरेश भी करीब पांच महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था. वह पड़ोस की एक महिला की हत्या के मामले में आरोपी था. इस मामले की सुनवाई अभी कोर्ट में चल रही थी. जिस महिला की हत्या के मामले में सुरेश आरोपी था, वह दुष्यंत की मां थी. जमानत पर बाहर आने के बाद सुरेश अपनी पत्नी के साथ रह रहा था.
परिजनों के मुताबिक, सुरेश की पत्नी सुवीना कैंसर से पीड़ित हैं और लंबे समय से बीमार चल रही हैं. पत्नी की देखभाल के लिए ही सुरेश को करीब पांच महीने पहले जमानत मिली थी. जेल से बाहर आने के बाद वह पत्नी के साथ रह रहा था. इधर, सुरेश की पत्नी ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब सुरेश की सांसें चल रही थीं. पत्नी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय पूछताछ शुरू कर दी. इसके बाद वह खुद ई-रिक्शा से घायल सुरेश को अस्पताल लेकर गईं. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पत्नी सुवीना की शिकायत पर पुलिस ने दुष्यंत, देवेंद्र समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है. कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के मुताबिक, मामले की जांच एसआई सुमित कर रहे हैं. फिलहाल दुष्यंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस उसके साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है. नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं.
आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जांच शुरू की
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की भूमिका के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस पूरी वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यही रही कि हत्या करने के बाद आरोपी लड़के भागा नहीं, बल्कि खुद थाने पहुंच गया. उसने SHO की टेबल पर हथियार रखा और अपनी मां की हत्या का बदला लेने की बात कहते हुए खुद को पुलिस के हवाले कर दिया. अब पुलिस पुरानी रंजिश, हत्या की वजह और वारदात में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.