scorecardresearch
 

जर्जर मकान को तोड़ने में गिरी छत, गर्भवती महिला समेत दो मजदूर घायल

गुरुग्राम के रोशनपुरा में जर्जर मकान तोड़ते समय छत गिरने से दो महिला मजदूर मलबे में दब गईं. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें एक गर्भवती भी शामिल है. हादसे के बाद सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठे हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
गर्भवती महिला समेत दो मजदूर घायल (Photo: itg)
गर्भवती महिला समेत दो मजदूर घायल (Photo: itg)

दिल्ली से सटे गुरुग्राम के रोशनपुरा इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक पुराने मकान को तोड़ने के दौरान अचानक छत गिर गई. इस मलबे में दबने से दो महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनमें से एक गर्भवती बताई जा रही है. दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, रोशनपुरा में एक जर्जर हो चुके मकान को तोड़ने (डिमोलिशन) का काम चल रहा था. दोपहर के समय दोनों महिला मजदूर मकान की छत पर बैठकर खाना खा रही थीं. इसी दौरान पूरी छत अचानक भरभरा कर नीचे गिर गई और दोनों महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं.
 
हादसे के बाद ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि मकान काफी जर्जर था, लेकिन तुड़ाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया. मजदूरों को हेलमेट, बेल्ट या अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण (Safety Gear) मुहैया नहीं कराए गए थे. बिना किसी सुरक्षा घेरे के काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ. छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास हड़कंप मच गया. उस समय पास में ही वाईफाई (Wi-Fi) का काम कर रहे कुछ युवकों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे को हटाना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को बाहर निकाला.
 
सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement