फरीदाबाद सेक्टर-21C में धनतेरस की रात पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत धनखड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. आरोपी ने करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं. गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार सहित फरार हो गया लेकिन क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
गौरतलब है कि परमजीत मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे और सेक्टर-21C के मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे.
वह एक बड़ी नेशनल कंपनी में नौकरी करते थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे. दो दिन पहले ही वह अपने परिवार के पास लौटे थे. 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी थी. परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही घर में मातम छा गया.