हरियाणा के फरीदाबाद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तिगांव रोड स्थित आजाद नगर में एक संदिग्ध घर पर छापा मारा. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर के अंदर बंद हो गए और बाद में पीछे के रास्ते से फरार होने में सफल रहे.
जानकारी के अनुसार पुलिस को एक वीडियो प्राप्त हुई थी, जिसमें कथित नशा तस्कर पड़ोसियों को धमकाते और उनके साथ गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई.
पुलिस टीम जब आजाद नगर स्थित घर पर पहुंची तो अंदर मौजूद लोगों ने दरवाजा बंद कर लिया. पुलिसकर्मियों ने कई बार दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई और समझाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने हथौड़े और कटर की मदद से मुख्य दरवाजा तोड़ा और घर में घुसी.
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अंदर से एक अवैध हथियार बरामद हुआ. हालांकि, जिस समय पुलिस ने घर में प्रवेश किया, तब तक आरोपी पीछे के रास्ते से निकलकर फरार हो चुके थे. पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से नशा तस्करी की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है. वहीं पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.