हरियाणा के फरीदाबाद में 33 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. युवक ने कथित तौर पर व्रत खोलने के लिए पैक्ड फ्रूट ड्रिंक मैंगो फ्रूटी पी थी. इसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. उसे उल्टियां होने लगीं और पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई. इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान अंकुश के रूप में हुई है. वह फरीदाबाद के हनुमान नगर इलाके का रहने वाला था. परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात वह व्रत पर था. व्रत खोलने के दौरान उसने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पैक्ड फ्रूट ड्रिंक (मैंगो फ्रूटी) पी थी. इसके कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी.
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद: हत्या या आत्महत्या, पंखे से लटकी मिली 23 साल की विवाहिता
परिवार ने बताया कि पहले अंकुश को उल्टियां शुरू हुईं और फिर पेट में असहनीय दर्द होने लगा. हालत गंभीर होती देख परिजन उसे पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल रेफर कर दिया.
अस्पतालों के चक्कर के बीच चली गई जान
बादशाह खान सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने अंकुश की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजने की सलाह दी. परिवार उसे दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई.
परिजनों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही अंकुश ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया. परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि अचानक उसकी हालत इतनी तेजी से कैसे बिगड़ गई.
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी जांच में जुट गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी मौत की वजह साफ
खेड़ी पुल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 1.30 बजे सर्वोदय अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया है. पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अंकुश ने व्रत खोलने के दौरान फ्रूटी पी थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई.
पुलिस ने परिवार की शिकायत दर्ज कर ली है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन कारणों से हुई.
पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारण का इंतजार किया जा रहा है.