scorecardresearch
 

Heat Wave Alert: गुजरात में भीषण गर्मी का कहर, पारा 42 डिग्री पार! हीट एक्शन प्लान जारी

Gujarat Weather Forecast: गुजरात में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. राज्य के पांच शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. इस बीच अहमदाबाद म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन ने हीट एक्शन प्लान शुरू कर दिया है. जिसमें हॉटस्पॉट की पहचान, स्वास्थ्य सुविधाओं पर ध्यान और पानी की व्यवस्था शामिल है.

Advertisement
X
गुजरात के 5 शहरों में 40 डिग्री के पार तापमान (File Photo- ITG)
गुजरात के 5 शहरों में 40 डिग्री के पार तापमान (File Photo- ITG)

गुजरात में भीषण गर्मी के सितम से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 20 अप्रैल तक राज्य का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान भी 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. 

इन पांच शहरों में 40 डिग्री के पार तापमान
बीते 24 घंटों में गुजरात के पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है. राजकोट में सबसे ज्यादा 42 डिग्री, अहमदाबाद में 41.4 डिग्री, अमरेली में 41.1 डिग्री, गांधीनगर में 40.8 डिग्री और वडोदरा में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के निदेशक आलोक कुमार दास ने बताया कि 18 अप्रैल तक पूरे राज्य में सामान्य से ज्यादा गर्मी रहेगी. हालांकि,  19 और 20 अप्रैल को कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है.

AMC ने शुरू किया हीट एक्शन प्लान
बढ़ती गर्मी को देखते हुए अहमदाबाद म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) ने हीट एक्शन प्लान जारी कर दिया है. इस प्लान के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में हॉटस्पॉट (सबसे गर्म जगहों) की पहचान की गई है. नागरिकों के लिए तीन दिन का तापमान और हॉटस्पॉट की जानकारी का लिंक और QR कोड जारी किया गया है, ताकि लोग जरूरी सावधानी बरत सकें.

Advertisement

स्वास्थ्य सुविधाएं और पानी की व्यवस्था
AMC के स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी से बचाव के लिए कई कदम उठाए हैं. हॉटस्पॉट इलाकों के स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, निर्माण स्थलों और कारखानों में ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन(ORS) और पीने के पानी की पूरी व्यवस्था की गई है. सेवा भावी संस्थाओं की मदद से शहर में 1300 से ज्यादा जगहों पर पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. हीट से संबंधित मरीजों के लिए नगर निगम के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में अलग बेड तैयार किए गए हैं.

स्कूलों के समय में बदलाव
नगर निगम के स्कूलों का समय सुबह जल्दी कर दिया गया है ताकि बच्चे दोपहर की तेज धूप में न निकलें. आंगनवाड़ी केंद्रों में भी ORS और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है. शहर के 300 से ज्यादा गार्डन सुबह 6 बजे से 11 बजे तक खुले रहेंगे, ताकि लोग सुबह की ठंडी हवा में घूम सकें.

बस स्टेशनों और ट्रैफिक पर खास इंतजाम
अहमदाबाद म्यूनिसिपल ट्रांसपोर्ट सर्विस (AMTS) और BRTS ने भी गर्मी को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की हैं. बस डिपो और टर्मिनल पर एयर कूलर, वाटर कूलर, ORS और पानी के जग रखे गए हैं. शहर के विभिन्न ट्रैफिक जंक्शनों पर ट्रैफिक पुलिस की मदद से ग्रीन नेट लगाई गई है, जिससे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को सीधी धूप से बचाव मिल सके. इसके अलावा 78 से ज्यादा ट्रैफिक सिग्नल को ब्लिंकिंग मोड पर रख दिया गया है ताकि ट्रैफिक पुलिस को कम समय तक सड़क पर खड़ा रहना पड़े.

Advertisement

मौसम विभाग और AMC ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें. हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और छाया में रहें. बुजुर्गों, बच्चों और गर्मी में काम करने वाले मजदूरों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement