गुजरात में वडोदरा-जरोद रोड पर कोटंबी गांव के पास सुबह-सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां एक लग्जरी बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई. जिससे 5 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि 26 घायल हो गए. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसा इतना ज़बरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा ट्रक में दब गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए जरोद पुलिस के साथ NDRF की टीम भी बचाव कार्य में जुटी हुई है. सुबह-सुबह हुए इस भयानक हादसे के कारण हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया है. फिलहाल जरोद पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है.
बांसवाड़ा से सूरज जा रही थी बस
जानकारी सामने आई है कि बस राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही थी. ड्राइवर को छपकी आ गई, जिससे बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस खड़े ट्रक में घुस गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू करवाया.
पुलिस ने बताया कि हादसे में कई यात्रियों के फंसे होने की जानकारी मिली थी. घटनास्थल पर युद्ध स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है. SDRF, NDRF और वडोदरा फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. घायलों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. घायलों को तुरंत इलाज के लिए SSG अस्पताल ले जाया जा रहा है. हादसे के कारण इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया है.
(त्रुषार पटेल के इनपुट के साथ...)