गुजरात के मेहसाणा जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी. विजापुर तालुका के मोतीपुरा गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार बेकाबू होकर सड़क पर कहर बन गई. हादसे में एक बुजुर्ग और स्कॉर्पियो चालक की मौत हो गई, जबकि अन्य कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, विजापुर तालुका के मोतीपुरा और महेश्वर रोलिंग मिल के बीच सुबह करीब सवा नौ बजे राजस्थान पासिंग की स्कॉर्पियो कार नंबर RJ-39-VB-1121 तेज रफ्तार में आ रही थी. बताया गया है कि कार चालक मुस्तकीम खान उस्मान खान दाउवा लापरवाही से वाहन चला रहा था.
यह भी पढ़ें: गुजरात: मेहसाणा में नर्सिंग छात्रा ने हॉस्टल में की खुदकुशी, मौके से पुलिस को मिला सुसाइड नोट
इसी दौरान स्कॉर्पियो ने पहले पिनाककुमार विक्रमभाई नाम के युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
राहगीर को कुचलने के बाद पलटी कार
बाइक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू स्कॉर्पियो वहां मौजूद 60 वर्षीय रमनभाई सोमाभाई पटेल को कुचल दिया. हादसा इतना भीषण था कि रमनभाई को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
इसके बाद भी स्कॉर्पियो की रफ्तार नहीं थमी और कार सड़क पर पलट गई. हादसे में स्कॉर्पियो चालक 37 वर्षीय मुस्तकीम खान की भी मौत हो गई. वहीं कार में सवार अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं.
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही विजापुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
विजापुर पुलिस ने मृतक रमनभाई पटेल के भतीजे किरणभाई पटेल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे हादसे की जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है.