गुजरात के पोरबंदर में बुधवार दोपहर भारतीय नौसेना का एक अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) 'दृष्टि-10' ट्रेनिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हादसा पोरबंदर नेवल एयर एन्क्लेव से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हुआ. राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है.
पोरबंदर के जिला कलेक्टर एस डी धनानी ने बताया कि UAV सौराष्ट्र क्षेत्र के तटीय शहर पोरबंदर से करीब 6 किलोमीटर दूर धरमपुर गांव के पास एक खुले मैदान में गिरा. उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. नौसेना की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
जिला कलेक्टर ने कहा, "इंडियन नेवी का एक UAV धरमपुर गांव के पास क्रैश हो गया. इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई. नेवी अफसर मौके पर पहुंच गए हैं और आगे की जांच शुरू कर दी गई है." UAV ने पोरबंदर स्थित नेवल एयर एन्क्लेव से नियमित ट्रेनिंग सॉर्टी के लिए उड़ान भरी थी. कुछ देर बाद खेत में गिर गया.
बुधवार की शाम को नौसेना ने भी अपने आधिकारिक X हैंडल के जरिए हादसे की पुष्टि कर दी है. नौसेना ने बताया कि UAV 'दृष्टि-10' दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. वो ट्रेनिंग मिशन पर था. नौसेना ने कहा, "नेवी आज दोपहर ट्रेनिंग सॉर्टी के दौरान पोरबंदर एयरफील्ड के पास बिना क्रू वाले UAV 'दृष्टि-10' के क्रैश होने की पुष्टि करती है.''