गुजरात के सूरत के आयुष हॉस्पिटल में रविवार देर रात लगी आग में चार मरीजों की मौत हो गई है. सूरत नगर निगम के मेडिकल अफसर डॉ. आशीष नाइक ने कहा कि आयुष हॉस्पिटल में देर रात आग लग गई थी, यहां कोविड मरीजों का इलाज चल रहा था, आग के बाद मरीजों को दूसरे जगह शिफ्ट किया गया और इनमें से चार मरीजों की मौत हो गई.
सूरत के स्टेशन रोड पर स्थित एक बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल पर आयुष अस्पताल है. यहां रविवार रात लगभग 11:40 बजे आग लग गई, जिसके बाद आईसीयू में भर्ती 16 मरीजों को बचाया गया और बिना किसी दुर्घटना के सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया. बाद में आग पर काबू पाया गया.
सूरत नगर निगम के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारीक ने कहा था कि इमारत की पांचवीं मंजिल पर स्थित अस्पताल के आईसीयू में 16 मरीज़ थे, जहां आग लगी थी. अग्निशमन विभाग की टीम ने 11 रोगियों को बचाया और बाकी पांचों को आग लगने से पहले अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया था.
बसंत पारीक ने कहा कि एयर कंडीशनर में विस्फोट के बाद आग लग गई, ये या तो शॉर्ट सर्किट के कारण या ओवरलोडिंग के कारण हुआ. अग्निशमन विभाग के कर्मियों द्वारा बचाए गए 11 मरीजों में से पांच को एसएमआईएमईआर में ले जाया गया, चार संजीवनी अस्पताल, और शेष दो को आयुष अस्पताल के अन्य फ्लोर पर.