scorecardresearch
 

'आप मेरी शादी क्यों नहीं करवाते?' इतने पर भड़का पिता, डंडे से पीट-पीटकर ले ली बेटे की जान    

गुजरात के महीसागर जिले के नरसिंहपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया. शादी को लेकर हुए झगड़े में पिता ने बेटे के सिर पर डंडे से वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक ने आठ दिन बाद वडोदरा के अस्पताल में दम तोड़ दिया. मृतक के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
'मेरी शादी क्यों नहीं करवाते?' इतने पर भड़का पिता, पीट-पीटकर ले ली बेटे की जान  (Photo: representational image)
'मेरी शादी क्यों नहीं करवाते?' इतने पर भड़का पिता, पीट-पीटकर ले ली बेटे की जान (Photo: representational image)

गुजरात के महीसागर जिले के संतरामपुर तालुका अंतर्गत नरसिंहपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. पारिवारिक विवाद के दौरान एक पिता द्वारा बेटे पर किए गए हमले ने आखिरकार उसकी जान ले ली. घटना के बाद गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है.

मामले के अनुसार, 16 फरवरी 2026 की रात रमेशभाई के घर में पारिवारिक विवाद हुआ. शिकायतकर्ता मोहनभाई, जो मृतक के चाचा हैं, ने पुलिस को बताया कि उस रात रमेशभाई का बेटा प्रकाश अपने पिता से शादी को लेकर बहस कर रहा था. प्रकाश का सवाल था कि 'आप मेरी शादी क्यों नहीं करवाते?'. बातचीत धीरे-धीरे तीखी नोकझोंक में बदल गई.

बताया जा रहा है कि बहस के दौरान रमेशभाई का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने पास में रखा डंडा उठाकर प्रकाश के सिर पर वार कर दिया. वार इतना गंभीर था कि प्रकाश वहीं गिर पड़ा. परिजन तत्काल उसे संतरामपुर के सरकारी अस्पताल ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे गोधरा सिविल अस्पताल रेफर किया गया.

गोधरा में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे वडोदरा स्थित एसएसजी अस्पताल भेज दिया. वहां आठ दिनों तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद प्रकाश ने दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम पसर गया.घटना के बाद मृतक के चाचा मोहनभाई ने अपने ही भाई रमेशभाई के खिलाफ संतरामपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement