scorecardresearch
 

सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेल... बुजुर्ग महिला से ऐंठे 3.60 लाख

गुजरात के अमरेली जिले के सावरकुंडला में 65 वर्षीय महिला को सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल कर 3.60 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है. आरोपी मोहम्मद शब्बीर नूरमोहम्मद समा ने महिला के आपत्तिजनक स्क्रीनशॉट लेकर उन्हें वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी.

Advertisement
X
अमरेली में बुजुर्ग महिला से ठगी. (Photo: Representational)
अमरेली में बुजुर्ग महिला से ठगी. (Photo: Representational)

गुजरात के अमरेली जिले के सावरकुंडला में सोशल मीडिया के जरिए 65 वर्षीय महिला को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है. यहां सावरकुंडला टाउन पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कच्छ के भुज निवासी आरोपी मोहम्मद शब्बीर नूरमोहम्मद समा को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक नवंबर 2025 में आरोपी की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से 65 वर्षीय महिला से हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच सामान्य बातचीत और वीडियो कॉल होने लगे. इसी दौरान आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया और वीडियो कॉल के दौरान उसे आपत्तिजनक स्थिति में आने के लिए उकसाया. महिला की जानकारी के बिना उसने वीडियो कॉल के अश्लील स्क्रीनशॉट भी ले लिए.

इसके बाद आरोपी ने महिला और उसके बेटे के व्हाट्सएप नंबर पर ये स्क्रीनशॉट भेजकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी. पुलिस के अनुसार 23 नवंबर 2025 से 7 मई 2026 के बीच आरोपी लगातार महिला को ब्लैकमेल करता रहा और तस्वीरें वायरल करने का डर दिखाकर अलग-अलग समय पर ऑनलाइन कुल 3.60 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए.

Advertisement

आरोपी से पूछताछ कर रही है पुलिस 
लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने सावरकुंडला टाउन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तकनीकी जांच और लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में कच्छ के भुज के खावड़ा क्षेत्र से आरोपी मोहम्मद शब्बीर नूरमोहम्मद समा को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने और वीडियो कॉल के दौरान निजी जानकारी या आपत्तिजनक गतिविधियों से बचें व किसी भी तरह की ब्लैकमेलिंग होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement