scorecardresearch
 

दिल्ली में गर्मी का तांडव! 43 डिग्री पारा... हवा की हालत भी बिगड़ी, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

Delhi Weather: दिल्ली में भीषण गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लू से सावधान रहने की सलाह दी है. वहीं, शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स(AQI) भी खराब श्रेणी में पहुंच गया है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं है.

Advertisement
X
गर्मी और लू से बचने के लिए सिर ढककर बाहर निकलें (फाइल फोटो-PTI)
गर्मी और लू से बचने के लिए सिर ढककर बाहर निकलें (फाइल फोटो-PTI)

देश की राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. अप्रैल के आखिरी हफ्ते में ही मई-जून जैसी उमस भरी गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 23 अप्रैल तक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इस दौरान तेज गर्म हवाएं भी चलेंगी. IMD ने हीटवेव और गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को लू से बचने और स्वास्थ्य समस्याओं से सावधान रहने की सलाह दी जा रही है. 

कितना बढ़ा दिल्ली का तापमान?
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा था. रिज और मुंगेशपुर जैसे कुछ इलाकों में 41 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. आज की बात करें तो बुधवार सुबह शहर के न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई. सफदरजंग मौसम केंद्र (जो दिल्ली का मुख्य मौसम केंद्र माना जाता है) पर न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया. यह सामान्य से 1.1 डिग्री कम है, लेकिन मंगलवार से 1.1 डिग्री ज्यादा है. अन्य जगहों पर भी तापमान में बढ़ोतरी देखी गई. 

 

  • पालम: 24.6 डिग्री (मंगलवार से 2.4 डिग्री बढ़ा)
  • लोधी रोड: 20.6 डिग्री (1.8 डिग्री बढ़ा)
  • अयानगर: 23.5 डिग्री (2.3 डिग्री बढ़ा)

आज के मौसम की जानकारी
IMD के अनुसार, पूरे दिन आसमान साफ रहेगा. हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है. दिन का तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में लू चलने की आशंका है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं और धूप के कारण तापमान और बढ़ेगा. 

Advertisement
IMD issues yellow alert for Delhi

हवा की हालत भी बिगड़ी, फिर सुधरेगी
शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) यानी हवा की गुणवत्ता बुधवार सुबह खराब हो गई. सुबह 9 बजे AQI 216 (खराब श्रेणी) दर्ज किया गया. जो बीते दिन यानी मंगलवार शाम के समय 177 (मध्यम) पर था. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI 201-300 को 'खराब' माना जाता है.  हालांकि, अच्छी खबर यह है कि शाम तक हवा फिर मध्यम स्तर पर आ जाएगी और अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रहने की उम्मीद है.

मौसम विभाग की चेतावनी
IMD ने कहा है कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. गर्मी और सूखी हवाएं दिल्लीवासियों को परेशान कर सकती हैं.डॉक्टरों की सलाह है कि गर्मी से बचने के लिए घर के अंदर रहें. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो छाता या टोपी साथ रखें. लू से बचाव के लिए ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं. दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें. हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement