राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 19 मई 2026 को इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट और इंडिया-आफ्रिका फोरम समिट (Twin Summits) की रिहर्सल है. जिसकी वजह से दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक भारत मंडपम के आस-पास यातायात प्रभावित हो सकती है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कुछ मुख्य सड़कें बंद रह सकती हैं, इसलिए लोग समय से पहले निकलें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.
कौन-कौन से रास्ते प्रभावित होंगे?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, एसपी मार्ग और मथुरा रोड पर ट्रैफिक बंद या धीमा रह सकता है. ऐसे में लोगों को रिंग रोड और वंदे मातरम मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. वहीं, नॉर्थ से साउथ दिल्ली जाने वाले वाहन राजघाट और सराय काले खां के रास्ते जा सकते हैं. ईस्ट से साउथ दिल्ली जाने वालों के लिए धौला कुआं, मोती बाग और बिकाजी कामा प्लेस वाला रूट बेहतर रहेगा. पूर्वी दिल्ली से आने वाले लोग सराय काले खां और बारापुला कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकते हैं.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए एनएच-8 और धौला कुआं वाला रास्ता खुला रहेगा. ऐसे में एयरपोर्ट पहुंचने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी, लेकिन फिर भी यात्रियों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है.
भारत मंडपम जाने वाले लोगों के लिए खास सलाह
बता दें कि दिल्ली के भारत मंडपम में 28 मई से 1 जून तक International Big Cat Alliance Summit और India–Africa Forum Summit का आयोजन होगा. इससे पहले 19 मई को रिहर्सल के दौरान खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.