दिल्ली में दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं. पटाखे जलाते समय 10 साल का बच्चा हादसे का शिकार हो गया. रॉकेट सीधे उसके पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत के बाद परिवार के लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया. उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है.
यह घटना बाहरी दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी की है. परिजनों के मुताबिक, रविवार को दिवाली पर पूजा-पाठ के बाद परिवार के लोग पटाखे जला रहे थे. इसी दौरान बच्चा भी रॉकेट छोड़ रहा था. बताया गया है कि रॉकेट आसमान में जाने के बजाय बच्चे के पेट में जा लगा. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद परिजन बच्चे को आनन-फानन में नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. इस बात पर परिजन भड़क गए. उनका आरोप है कि अस्पताल में लापरवाही के चलते उनके बच्चे की जान नहीं बच सकी. इसी को लेकर अस्पताल में हंगामा हुआ.
बच्चे की मौत की खबर सुनकर पिता की बिगड़ी तबीयत
बच्चे की मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंचे उसके पिता की तबीयत भी बिगड़ गई. जिस घर में दिवाली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा है. पुलिस ने बच्चे का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच हो रही है.