scorecardresearch
 

70 लाख की चोरी में वांछित छेनू गैंग के दो बदमाश पकड़े गए, वारदात की फिराक में पहुंचे थे दिल्ली

दिल्ली पुलिस ने कुख्यात छेनू गैंग से जुड़े दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी राजस्थान में करीब 70 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में वांछित थे और दिल्ली में नए टारगेट की तलाश कर रहे थे. आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक कार बरामद हुई है.

Advertisement
X
पुलिस ने गैंग मेंबर को किया अरेस्ट. (Photo: Representational)
पुलिस ने गैंग मेंबर को किया अरेस्ट. (Photo: Representational)

दिल्ली पुलिस ने कुख्यात छेनू गैंग से जुड़े दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपी राजस्थान में करीब 70 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में भी वांछित थे. पुलिस ने उनके कब्जे से दो हथियार, पांच जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की है.

एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय राशिद उर्फ सोनू और 30 वर्षीय फहीम उर्फ डैनी के रूप में हुई है. राशिद के खिलाफ पहले से ही 21 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. दोनों आरोपी हाल ही में सक्रिय हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े थे और बाद में छेनू गैंग से मिलकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे.

दिल्ली पुलिस को 5 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि छेनू गैंग से जुड़े कुछ बदमाश इलाके में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और जाल बिछा दिया.

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में बच्चों की तस्करी करने वाला बड़ा गैंग पकड़ाया, 6 बच्चे बरामद किए गए

पुलिस ने 5 और 6 मार्च की दरम्यानी रात को घेराबंदी की. इसी दौरान एक कार में दो लोग सवार थे. पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने थोड़ी मशक्कत के बाद उन्हें दबोच लिया.

Advertisement

गिरफ्तारी के बाद शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सच उगल दिया. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कार में अवैध हथियार छिपा रखे हैं और इलाके में किसी वारदात के लिए संभावित निशाने की तलाश कर रहे थे.

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो राशिद के पास से चार जिंदा कारतूस से लोड एक पिस्टल बरामद हुई, जबकि फहीम के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली कार भी पुलिस ने जब्त कर ली.

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि राशिद राजस्थान के जयपुर में दर्ज एक बड़े चोरी के मामले में वांछित था. यह मामला जयपुर के विधायकपुरी पुलिस स्टेशन में दर्ज है, जहां इसी साल एक घर में चोरी कर करीब 70 लाख रुपये की सोने-चांदी की ज्वेलरी और नकदी ले जाई गई थी.

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और अलग-अलग राज्यों में चोरी, लूट और डकैती जैसी कई वारदातों में शामिल रहे हैं. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है, ताकि उनके अन्य साथियों और संभावित अपराधों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके. दिल्ली पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement