
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार की बारिश के बाद चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया है. नोएडा में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

नई दिल्ली के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया है. जनपथ रोड पर भी जलभराव देखने को मिला, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है. कनॉट प्लेस में भी सड़कों पर पानी भर गया है.

आईएमडी के मुताबिक, रात के समय भी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है. 29 जुलाई को भी दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है. बता दें, बारिश के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी हुई है.

मंगलवार को देश के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिला. दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी लगातार बारिश हो रही है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यूपी के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में लगभग सभी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.

28 जुलाई से 29 जुलाई के बीच सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है. इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है.
29 जुलाई का दिल्ली-एनसीआर का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जुलाई को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच ज़्यादातर जगहों पर हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है.

वहीं, शाम और रात के समय कई जगहों पर हल्की बारिश व कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है.
दिल्ली में अधिकतम तापमान 33°C से 35°C और न्यूनतम तापमान 22°C से 24°C के बीच रहने की संभावना है. न्यूनतम तापमान ज़्यादातर जगहों पर सामान्य से काफी कम रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य के करीब रहने का अनुमान है.