scorecardresearch
 

केजरीवाल पर आरोप, गिरफ्तारी और अब बरी... दिल्ली शराब घोटाले की पूरी टाइमलाइन

दिल्ली शराब घोटाले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है. इस केस में आरोप से लेकर फैसले तक, पूरी टाइमलाइन...

Advertisement
X
शराब घोटाले में सभी आरोपी बरी (Photo:X/AamAadmiParty)
शराब घोटाले में सभी आरोपी बरी (Photo:X/AamAadmiParty)

दिल्ली के चर्चित शराब घोटाला केस में राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला आ गया है. राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीाष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है. कोर्ट ने शराब घोटाले के आरोपियों को बरी करते हुए कहा कि बिना ठोस और पर्याप्त सबूतों के लगाए गए आरोप पर विश्वास नहीं किया जा सकता.

कोर्ट ने आबकारी विभाग के पूर्व कमिश्नर कुलदीप सिंह को भी बरी कर दिया है. अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट के फैसले पर कहा है कि सत्य की जीत हुई. हमारे ऊपर कीचड़ फेंका गया. सीटिंग सीएम को जेल में डाला गया. उन्होंने पूरे केस को फर्जी बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को जिम्मेदार ठहराया.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक साजिश रची. आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए पूरी साजिश रची गई. मैं करप्ट नहीं. अपनी जिंदगी में केवल ईमानदारी कमाई है. आज यह साबित हो गया. यह कहते कहते दिल्ली के पूर्व सीएम भावुक होकर फफक पड़े. यह केस दिल्ली सरकार की 2021-22 की एक्साइज पॉलिसी से संबंधित है.

इस केस की टाइमलाइन...

17 नवंबर, 2021- दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली तत्कालीन सरकार ने नई शराब नीति लागू की.

Advertisement

8 जुलाई, 2022- दिल्ली के तत्कालीन मुख्य सचिव ने तत्कालीन एलजी वीके सक्सेना, तत्कालीन सीएम और डिप्टी सीएम अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ ही आर्थिक अपराध शाखा  को एक रिपोर्ट भेजी. इस रिपोर्ट में कहा गया कि यह नीति एलजी की मंजूरी के बिना लाई गई और गलत तरीके से राजस्व कमाया गया. इसी रिपोर्ट में शराब बेचने वाली कंपनियों को लाइसेंस फीस में 144.36 करोड़ रुपये की छूट दिए जाने से सरकार के खजाने को नुकसान हुआ है.

17 अगस्त, 2022- सीबीआई ने केस दर्ज किया. इसके दो दिन बाद ही सीबीआई ने दिल्ली के तत्कालीन डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर और दफ्तर समेत सात राज्यों के 31 ठिकानों पर छापेमारी की. ईडी ने भी इस मामले में अलग से केस दर्ज कर जांच शुरू की.

30 अगस्त, 2022- सीबीआई ने मनीष सिसोदिया के बैंक लॉकर भी खंगाले. मनीष सिसोदिया ने लॉकर खंगाले जाने के बाद यह दावा किया कि सीबीआई को कुछ नहीं मिला.

6 सितंबर, 2022-  ईडी ने शराब घोटाले को लेकर दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग केस में दिल्ली एनसीआर के साथ ही आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत कई राज्यों में 40 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की. दिल्ली सरकार ने सितंबर महीने में ही नई एक्साइज पॉलिसी रद्द कर दी.

Advertisement

27 सितंबर, 2022- सीबीआई ने इस मामले में पहली गिरफ्तारी की. सीबीआई ने विजय नायर को गिरफ्तार कर लिया. ईडी ने इसके अगले ही दिन समीर महेंद्रू को गिरफ्तार किया. 

10 अक्टूबर, 2022- सीबीआई ने अभिषेक बोइनपल्ली को गिरफ्तार किया. अभिषेक बोइनपल्ली को अरुण रामचंद्र पिल्लई का पार्टनर बताया गया.

17 अक्टूबर, 2022- सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया. मनीष सिसोदिया से सीबीआई मुख्यालय में करीब नौ घंटे तक पूछताछ हुई.

8 नवंबर, 2022- सीबीआई ने कोर्ट में यह जानकारी दी कि दिनेश अरोड़ा सरकारी गवाह बनने के लिए तैयार है. दिनेश अरोड़ा को मनीष सिसोदिया का करीबी माना जाता है.

1 दिसंबर, 2022- ईडी ने कोर्ट में यह दावा किया कि शराब कारोबारियों, बड़े सरकारी अधिकारियों के साथ ही मनीष सिसोदिया और अन्य संदिग्धों ने कई बार अपने फोन बदले. ईडी का दावा था कि इन सभी ने कुल 1 करोड़ 38 लाख रुपये के डिवाइस इस्तेमाल किए, नष्ट किए.

यह भी पढ़ें: अदालत से मिली राहत के बाद भावुक हुए केजरीवाल, फैसले के खिलाफ CBI जाएगी हाईकोर्ट

14 जनवरी, 2023- सीबीआई ने दिल्ली सचिवालय स्थित मनीष सिसोदिया के दफ्तर की तलाशी ली.

26 जनवरी, 2023- ईडी ने इस कथित शराब घोटाले से संबंधित लोगों और कंपनियों की 76.54 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली.

Advertisement

3 फरवरी 2023- ईडी ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल की. इसमें आरोप लगाया कि रद्द हुई शराब नीति के जरिये सौ करोड़ रुपये की रिश्वत ली गई थी और आम आदमी पार्टी ने इस रकम का कुछ हिस्सा गोवा विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए इस्तेमाल किया.

26 फरवरी 2023- सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया. 

अक्टूबर 2023 से मार्च 2024- ईडी ने शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केजरीवाल को कुल नौ समन भेजे.

21 मार्च 2024- अरविंद केजरीवाहल की ओर से गिरफ्तारी रोकने की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला आया. हाईकोर्ट ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग करने वाली याचिका खारिज कर दी. इसके बाद ईडी ने दिल्ली के तत्कालीन सीएम को गिरफ्तार कर लिया था.

10 मई 2024- सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए अरविंद केजरीवाल को जमानत दी. केजरीवाल ने चुनाव बाद 2 जून को सरेंडर कर दिया था और फिर से जेल चले गए थे.

20 जून, 2024- राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल को जमानत दे दी. 21 जून को ईडी ने ट्रायल कोर्ट के इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी. दिल्ली हाईकोर्ट ने 25 जून को केजरीवाल की जमानत पर रोक लगा दी. सीबीआई ने उसी रात जेल पहुंचकर केजरीवाल से पूछताछ की.

Advertisement

यह भी पढ़ें: आंखों में आंसू, पत्नी-बच्चों को गले लगाया... बरी होकर इमोशनल हुए केजरीवाल- Photos

26 जून, 2024- सीबीआई ने केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट ने तीन दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेज दिया.

12 जुलाई, 2025- अरविंद केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग के केस में सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दी. हालांकि, सीबीआई की ओर से दर्ज केस के कारण वह जेल में ही रहे.

9 अगस्त, 2025- मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और ईडी, दोनों की ही ओर से दर्ज केस में जमानत दे दी. 27 अगस्त को तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर की बेटी के कविता को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई.

2 सितंबर 2025- सुप्रीम कोर्ट ने विजय नायर को ईडी की ओर से दर्ज मामले में जमानत दे दी. 5 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई की ओर से दर्ज मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया.

13 सितंबर, 2025- सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई की ओर से दाखिल केस में अरविंद केजरीवाल को जमानत दे दी. इससे पहले, 11 सितंबर को राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई केस में केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 25 सितंबर तक बढ़ाई. 

27 फरवरी, 2026- दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई की ओर से दर्ज किए गए कथित शराब घोटाला केस में फैसला सुनाया. राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement