scorecardresearch
 

'चमत्कारी बाबा' के नाम पर ऑनलाइन ठगी... फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों से लाखों ऐंठे, 2 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने 'स्पिरिचुअल फ्रॉड' रैकेट का खुलासा करते हुए मोहाली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को “चमत्कारी बाबा” के नाम पर जाल में फंसाते थे. पूजा-पाठ और तंत्र विद्या के नाम पर लाखों रुपये ठगे गए. पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच स्मार्टफोन और कई डिजिटल सबूत बरामद किए हैं.

Advertisement
X
2 हजार से ज्यादा लोग आए संपर्क में.(Photo: Himanshu_Mishra/ITG)
2 हजार से ज्यादा लोग आए संपर्क में.(Photo: Himanshu_Mishra/ITG)

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने एक बड़े ऑनलाइन 'स्पिरिचुअल फ्रॉड' रैकेट का पर्दाफाश किया है. सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की साइबर टीम ने पंजाब के मोहाली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो महिलाओं के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर देशभर के लोगों को अपना शिकार बना रहे थे. पुलिस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम और फेसबुक पर नकली अकाउंट बनाकर लोगों को भावनात्मक रूप से जाल में फंसाते थे.

जानकारी के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाओं के नाम से पोस्ट और कमेंट करते थे, जिनमें दावा किया जाता था कि एक “चमत्कारी बाबा” ने उनके प्यार, शादी और पारिवारिक समस्याओं का समाधान कर दिया है. इन पोस्ट्स को देखकर परेशान लोग आरोपियों से संपर्क करते थे. इसके बाद आरोपी अपना मोबाइल नंबर साझा कर खुद को “स्पिरिचुअल हीलर” बताते थे.

यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस के अधिकारी की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत, गले पर फंदे के निशान और दुपट्टा बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपी पूजा-पाठ, तंत्र विद्या और विशेष उपायों के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूलते थे. एक शिकायतकर्ता से आरोपियों ने छह अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2 लाख 51 हजार रुपये ठग लिए. मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू की.

Advertisement

'All Problems Solutions' नाम से चल रहा था फ्रॉड नेटवर्क

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने आईपी डिटेल्स, व्हाट्सएप नंबर, इंस्टाग्राम अकाउंट्स और बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल की. जांच में पता चला कि आरोपी 'All Problems Solutions' नाम से एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क चला रहे थे. इसके बाद पुलिस टीम मोहाली पहुंची और फ्लैट पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय गणेश और 21 वर्षीय मंदीप सिंह के रूप में हुई है. गणेश बीए चौथे सेमेस्टर का छात्र है, जबकि मंदीप सिंह ने आईटीआई डीजल मैकेनिक का कोर्स किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच स्मार्टफोन बरामद किए हैं.

मोबाइल में मिले फर्जी अकाउंट और डिजिटल सबूत

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन में फर्जी इंस्टाग्राम और फेसबुक प्रोफाइल, 'All Problems Solutions' नाम से एक्टिव व्हाट्सएप अकाउंट, चैट्स, QR कोड और कई अन्य डिजिटल सबूत मिले हैं. जांच में यह भी सामने आया कि देशभर में 2 हजार से ज्यादा लोग इन फर्जी अकाउंट्स के संपर्क में थे.

फिलहाल पुलिस पूरे मनी ट्रेल की जांच कर रही है. साथ ही अन्य पीड़ितों और इस गिरोह से जुड़े बाकी लोगों की तलाश भी जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement