दिल्ली में महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए सरकार राजधानी में 50 हजार नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बना रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को महिला कॉलेजों के छात्र प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान यह जानकारी दी. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि इस पहल का उद्देश्य राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार कई स्तरों पर काम कर रही है. इसमें अंधेरे वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें ठीक करना, सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाना, पुलिस की नियमित गश्त और कॉलेज परिसरों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती जैसे कदम शामिल हैं.
दिल्ली विश्वविद्यालय के महिला कॉलेजों के छात्र प्रतिनिधियों ने बातचीत के दौरान सीसीटीवी कैमरों से जुड़ी समस्याएं उठाईं. इस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राजधानी में 50 हजार नए सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव है.
उन्होंने कहा कि इन कैमरों के सही तरीके से काम करने के लिए उनके रखरखाव की भी व्यवस्था की जाएगी. इसके तहत वार्षिक रखरखाव अनुबंध (AMC) किया जाएगा, ताकि कैमरों की नियमित जांच और मरम्मत होती रहे. इससे कैमरों के खराब होने की स्थिति में उन्हें समय पर ठीक किया जा सकेगा.
दिल्ली में लगेंगी स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में स्मार्ट स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नई स्ट्रीट लाइटों को एकीकृत कमान और नियंत्रण प्रणाली (Integrated Command and Control System) से जोड़ा जाएगा.
इस व्यवस्था के जरिए स्ट्रीट लाइटों में आने वाली खराबी का अपने आप पता लगाया जा सकेगा. इसके बाद संबंधित ठेकेदारों की जिम्मेदारी होगी कि वे वार्षिक रखरखाव अनुबंध के तहत खराब लाइटों की मरम्मत कराएं.
सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों को अधिक सुरक्षित बनाना और रात के समय रोशनी की व्यवस्था बेहतर करना है.