दिल्ली में रविवार को कोविड-19 के 1,485 नए मामले सामने आए. हालांकि, आज एक भी मौत नहीं हुई. पॉजिटिविटी रेट 4.89 फीसदी दर्ज की गई. स्वास्थ्य विभाग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस से 18,84,560 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 26,175 लोगों की जान जा चुकी है.
क्या रहा पिछले तीन दिनों का हाल
शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में 1,520 नए कोरोना केस सामने आए थे और इस बीमारी के कारण एक की मौत हो गई थी. जबकि पॉजिटिविटी रेट 5.10 फीसदी रही. शुक्रवार को COVID-19 के 1,607 नए मामले सामने आए और दो की मौतों हो गई. जबकि पॉजिटिविटी रेट 5.28 प्रतिशत थी. दिल्ली में गुरुवार को 1,490 COVID-19 मामले आए और दो मौतें दर्ज की गईं और पॉजिटिविटी रेट 4.62 प्रतिशत थी.
154 COVID मरीज दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती
जारी किए गए नए हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को शहर में कुल 30,398 कोविड टेस्ट किए गए. आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण में वृद्धि के साथ सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 5,997 हो गई है. हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती होने की दर अब तक कम रही है, जो कुल सक्रिय मामलों के तीन प्रतिशत से भी कम है. मौजूदा समय में 154 COVID-19 मरीज दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती हैं. जबकि 4,358 लोग होम-आइसोलेशन में हैं.
एंटी बॉडी का असर
आंकड़ों से पता चलता है कि शहर के विभिन्न अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध 9,586 बेड में से केवल 165 (1.72 फीसदी) पर ही कब्जा है. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने पिछले हफ्ते कहा था कि राजधानी में कोरोना के मामले बढ़े हैं, लेकिन स्थिति गंभीर नहीं है. क्योंकि लोगों को गंभीर बीमारी नहीं हो रही है और अस्पताल में भर्ती होने की दर कम है. उन्होंने अस्पताल में भर्ती होने की कम दर के लिए टीकाकरण और एंटी बॉडी का असर बताया.