scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: खोड़ा के सूर्या हत्याकांड की बात कुबूल करते असद का नहीं है ये वीडियो, ये है असल मामला

सोशल मीडिया पर एक लड़का मर्डर की बात कबूल करते हुए दिख रहा है, जिसे गाजियाबाद के खोड़ा में हुए सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद का बताया जा रहा है. आजतक फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो असद का है जिसने खोड़ा में ईद के दिन सूर्या चौहान की हत्या की और बाद में मर्डर की बात कुबूल करते हुए ये वीडियो पोस्ट किया.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये वीडियो अप्रैल का है और सूर्या हत्याकांड से संबंधित नहीं है. इसमें दिख रहे लड़के का नाम करण है जो दिल्ली के शालीमार बाग में हुए एक मर्डर का आरोपी है.

गाजियाबाद के खोड़ा में ईद के दिन सूर्या नाम के एक 17 साल के लड़के की हत्या कर दी गई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक सूर्या को कुर्बानी दिखाने के नाम पर बुलाया गया और हत्या को अंजाम दिया गया. इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया, वहीं तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

अब असद का कुबूलनामा बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक लड़का कहता है, “देखो भाई, रात के 11 बजकर 22 मिनट हो रहे हैं. तुम्हारे भाई ने एक मर्डर कर दिया है. तुम्हारा भाई कुछ दिनों के लिए जेल के अंदर जा रहा है. इसलिए सभी भाई प्यार और सपोर्ट देना, ठीक है?”

कुछ लोग इसे असद का वीडियो बताकर लिख रहे हैं कि उसने सूर्या की हत्या करने के बाद ये वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था.

फेसबुक पर एक व्यक्ति ने लिखा, “ये है हिन्दुस्तान का डरा हुआ अल्पसंख्यक देख लो. गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या चौहान की हत्या करने के बाद असद ने रात को 11:00 बजे के आसपास की वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला था. इस सुवर को पता नहीं था कि यह योगीराज है. अखिलेश यादव की सरकार नहीं है की एक हिंदू की हत्या करने के लिए इसे यश भारती सम्मान या सांसद विधायक का टिकट दिया जाए.”

Advertisement

khoda surya murder case fact check

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो अप्रैल का है और सूर्या हत्याकांड से संबंधित नहीं है. इसमें दिख रहे लड़के का नाम करण है जो दिल्ली के शालीमार बाग में हुए एक मर्डर का आरोपी है.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 3 अप्रैल को अपलोड किया गया था. इतनी बात तो यहीं साफ हो गई कि ये पुराना वीडियो है और सूर्या हत्याकांड से संबंधित नहीं हो सकता है. टाइम्स नाउ ने भी 4 अप्रैल को ये वीडियो पोस्ट किया था.

इन न्यूज आउटलेट्स के मुताबिक, वीडियो में दिख रहे लड़के का नाम करण कुमार है. इस लड़के पर आरोप था कि इसने दिल्ली के शालीमार बाग में एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी थी और इसके बाद इंस्टाग्राम पर ये वीडियो पोस्ट किया.

इस मामले पर द न्यू इंडियन एक्सप्रेस समेत तमाम न्यूज रिपोर्ट्स मौजूद हैं. इन रिपोर्ट्स के मुताबिक ये घटना शालीमार बाग में 2 अप्रैल को हुई थी. 20 साल के नितेश उर्फ निक्की नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड का आरोप करण उर्फ तरुण (18 वर्षीय), मोंटी (22 साल) और एक नाबालिग पर था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. मर्डर के बाद आरोपी करण ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर हत्या की बात कबूली और अपने इंस्टाग्राम पोस्ट किया. 

Advertisement

साफ है कि ये वीडियो पुराना है और इसका सूर्या हत्याकांड से कुछ लेना-देना नहीं है. वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement