एक पुलिसवाले को जूते से मारकर सरपट भागते लड़के का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. बहुत सारे लोग इसे कॉकरोच जनता पार्टी के हालिया संसद मार्च के संदर्भ में शेयर कर रहे हैं.
वीडियो में किसी सड़क पर खूब भीड़ दिख रही है और आपाधापी का माहौल है. एक पुलिसवाला, सड़क पर गिरे हुए एक लड़के को लात मार देता है. लेकिन अगले ही पल लड़का फुर्ती से उठता है और पुलिसवाले के मुंह पर जूता मारकर भाग जाता है. पुलिसवाला भी उसके पीछे-पीछे भागता दिखता है.

फेसबुक से लेकर इंस्टाग्राम और एक्स तक हर जगह ये वीडियो कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च का बताकर खूब शेयर हो रहा है. जहां कई लोग इसे Gen-Z की हरकत बताते हुए चिंता जाहिर कर रहे हैं, वहीं, कई लोग, कह रहे हैं कि चूंकि पुलिसवाले ने पहले लड़के को लात मारी, इसलिए लड़के की हरकत सही है.
ऐसे ही दो पोस्ट्स का आर्काइव्ड वर्जन यहां और यहां देखा जा सकता है.
लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो न तो हाल-फिलहाल का है और न ही दिल्ली का है. ये बिहार की राजधानी पटना का अगस्त 2025 का वीडियो है जब विरोध प्रदर्शन कर रहे STET (State Teacher Eligibility Test ) अभ्यर्थियों को पुलिस ने पीटा था.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वायरल वीडियो में एक जगह 'STET' और ‘बिहार’ लिखा हुआ है. ये देखकर हमें लगा कि ये बिहार में STET यानी राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा से जुड़े किसी प्रदर्शन से संबंधित हो सकता है.

इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से ये हमें एक यूट्यूब चैनल पर मिला जहां इसे 16 अगस्त, 2025 को पोस्ट किया गया था. यहां दी गई जानकारी के मुताबिक ये पटना में हुए STET अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन से संबंधित है.
जन सुराज पार्टी ने भी 7 अगस्त, 2026 को ये वीडियो शेयर किया था. साथ ही, लिखा था, "लोकतंत्र की जननी बिहार को लाठीतंत्र बनने से रोकना है तो जनता को नीतीश-भाजपा को सबक सिखाना होगा."
आजतक की 7 अगस्त, 2025 की रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट इस्तेमाल किया गया है. इस खबर के मुताबिक, ये वीडियो पटना के जेपी गोलंबर इलाके का है जहां सैकड़ों अभ्यर्थी, टीआरई-4 (टीचर रिक्रूटमेंट एग्जाम -4) से पहले STET (State Teacher Eligibility Test ) करवाने की मांग को लेकर इकट्ठा हुए थे. इस वजह से इलाके में जाम लग गया था. बार-बार चेतावनी देने के बाद भी जब छात्र वहां से नहीं हटे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. 'बिहार तक' और 'दर्श न्यूज' ने इस घटना के बारे में ग्राउंड रिपोर्ट छापी थीं.
'द इंडियन एक्सप्रेस' ने दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया है कि कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान 118 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.
साफ है, बिहार के एक पुराने वीडियो को कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है जिससे लोगों में भ्रम फैल रहा है.