टीवी इंडस्ट्री इस समय कई लोगों के निशाने पर आ गई है. जबसे 22 साल की संचिता उगले ने आत्महत्या की है, तबसे इंडस्ट्री की सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है. टीवी एक्टर शहजादा धामी ने अपने शो के प्रोड्यूसर पर आरोप लगाए कि उन्होंने अभी तक उनकी मेहनत के 30 लाख रुपये नहीं मिले हैं. काफी समय से उनकी एक्टिंग फीस अटकी हुई है.
क्यों फूटा शिल्पा का गुस्सा?
शहजादा के इन आरोपों पर भाभीजी घर पर हैं की अंगूरी भाभी यानी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने भी रिएक्ट किया. उन्होंने एक वीडियो में टीवी प्रोड्यूसर्स पर कई सारे आरोप लगाए और हैरान करने वाले दावे भी किए. शिल्पा ने कहा कि टीवी शो के प्रोड्यूसर्स माफिया होते हैं.
शिल्पा शिंदे ने कहा- टीवी इंडस्ट्री में कुछ प्रोड्यूसर्स माफिया की तरह काम करते हैं. ये सफेदपोश माफिया हैं. जो प्रोड्यूसर्स उनका साथ नहीं देते, उन्हें धमकाया जाता है और कहा जाता है कि अगर आगे चलकर उनके साथ कुछ गलत होता है, तो कोई उनका साथ नहीं देगा. उनके काम में भी अड़चनें डाली जाती हैं. हम कलाकार ऐसा नहीं कर सकते, क्योंकि प्रोड्यूसर्स अक्सर हमारे पैसे 90 दिनों तक रोककर रखते हैं और कई बार तो पेमेंट भी नहीं देते.
टीवी एक्टर्स की एकता पर उठाए सवाल
शिल्पा आगे टीवी एक्टर्स पर भी सवाल उठाती हैं, जो ऐसे समय में एक-दूसरे के साथ नहीं खड़े होते. उन्होंने कहा- उन्होंने मेरा साथ नहीं दिया. आज भी जब उनके पास मुझे सपोर्ट करने का मौका था, तब भी उन्होंने ऐसा नहीं किया. मुझे इस बारे में बोलने की कोई जरूरत नहीं थी. उस समय मैं किन हालातों से गुजरी थी, ये कोई नहीं जानता. लोग मुझ पर झूठा आरोप लगा रहे हैं कि मैंने ये सब सिर्फ पैसों के लिए किया. आज 10 साल बाद भी वो प्रोड्यूसर टीवी शोज और फिल्में बना रहा है. किसी में अपने लिए न्याय की लड़ाई लड़ने की हिम्मत नहीं होती, और फिर लोग मजबूर होकर आत्महत्या जैसे कदम उठा लेते हैं.
शिल्पा वैसे कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक प्रोड्यूसर के खिलाफ झूठा सेक्शुअल हैरेसमेंट केस करने के चक्कर में ट्रोल हो गई थीं. इतने सालों बाद उन्होंने सामने से माना कि उन्होंने अपने शो भाभीजी घर पर हैं के प्रोड्यूसर संजय कोहली को झूठ बोलकर फंसाया. उनके सच स्वीकार करने से कई लोग भड़क पड़े थे. अब शिल्पा का ये नया बयान क्या करेगा, देखना दिलचस्प होगा.