टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे विवादों में हैं. भारती सिंह के पॉडकास्ट में उन्होंने खुलासा किया था कि प्रोड्यूसर संजय कोहली पर उन्होंने झूठा हैरेसमेंट का केस किया था. इस कबूलनामे के बाद से शिल्पा को ट्रोल किया जा रहा है. सेलेब्स भी शिल्पा को आड़े हाथों ले रहे हैं. एक्ट्रेस ने अब हेटर्स को जवाब दिया है.
शिल्पा का हेटर्स को जवाब
शिल्पा ने इंस्टा पर वीडियो शेयर कर अपनी सफाई दी है. ये भी कहा कि उन्हें ट्रोलिंग से फर्क नहीं पड़ता. शिल्पा ने कहा- मैं आमतौर पर कमेंट्स नहीं पढ़ती हूं. मुझे पता है मेरे फैंस मेरे लिए क्या लिखेंगे. मेरे खिलाफ जो पीआर चल रहा है, उन लोगों को यही कहना है कि जो बोओगे, वही पाओगे. बिना किसी सिचुएशन को समझें बिना आप लोग जो लिखे जा रहे हो, एक सच बोलने वाले इंसान को झूठा बोल रहे हो. मुझे पता था ये रिएक्शन तो आना ही था. दुनिया किसी अच्छी चीज को सराहती नहीं है. खासतौर पर आप जैसे लोग, जो इस तरह के कमेंट्स करते हैं. मुझे आज बोलने की कोई जरूरत नहीं थी. 10 साल के बाद भी मैं शो कर रही हूं. मैं तब भी बोल सकती थी. तब कहती तो बोलते मैंने शो के लिए बोला है. मुझे फर्क नहीं पड़ता. आप लोगों की नजरों में मुझे नहीं उठना है. मैं अपनी नजरों में उठी हूं. क्योंकि वो झूठ, झूठ था. किसी ने मुझे नहीं कहा कि सच बोलो.
''मैं खुद उस झूठ के साथ नहीं जी सकती थी. वो आज या कल मुझे बोलना ही था. जो मेरे साथ हुआ, आपको नहीं पता. भगवान ना करें आपके या आपके घरवालों के साथ ऐसा हो, क्योंकि वो वक्त मुझे पता है. मैंने सिर्फ पैसों के लिए ऐसा नहीं किया. ना ही मैं कभी ऐसा करती. मैं तो शो छोड़ चुकी थी. बिग बॉस के बाद एक इंसान मुझे मिला था उसने कहा कि उसके पिता ने सुसाइड कमिट किया था. क्योंकि उन्हें ऑफिस में बुरा भला कहा गया था. मैं भी वही चीज करने वाला था, मैं सुसाइड नोट लिख रहा था. फिर मुझे बिग बॉस में आपका वीडियो मिला, मैं इंस्पायर हुआ, मैं आपकी वजह से आज जिंदा हूं. ये इतनी बड़ी चीज थी मैं नहीं बता सकती. क्योंकि उस वक्त की फाइट मुझे पता है. उस इंसान को पता है जिसके ऊपर इल्जाम लगाया था. सॉरी शब्द उनके लिए बहुत छोटा है. लेकिन उस वक्त के हालात में वो भी जानते हैं मेरे पास कोई और रास्ता नहीं था.'' ये कहते हुए शिल्पा इमोशनल हो जाती हैं.
वो कहती हैं- मैं खुद उस वक्त ऐसी सिचुएशन में थी कि सुसाइड कर लूं. लेकिन लोग उसके बाद भी हंसते और गाली देते. लेकिन जब आप गलत ही नहीं करते तो आपको किसी चीज का डर ही नहीं होता. इसलिए मैं आपकी नजरों में उठना ही नहीं चाहती. मुझे तब भी किसी ने सपोर्ट नहीं किया था. तो इस वक्त भी किसी के सपोर्ट की जरूरत नहीं है. ये ट्रोलिंग लेने के लिए मैं तैयार हूं. जो सच में प्रोड्यूसर को सताते हैं, गालियां देते हैं. वो 10-15 साल काम कर भी जाते हैं. लेकिन हम जैसे आर्टिस्ट बेवकूफ होते हैं. हमें सच्चाई से जीना होता है. जैसा मैंने आज किया. जो लोग भौंक रहे हैं, उन्हें भौंकने दो.
शिल्पा ने हेटर्स से कहा कि वो अपना समय किसी जरूरतमंद पर खर्च करें. ना कि उन्हें ट्रोल करने में. इस वक्त उनका कुछ बुरा होने वाला नहीं है. इसलिए वो कम से कम अपना अच्छा करें. एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा- बिना पूरा पॉडकास्ट देखे एक लाइन पकड़कर किसी को जज करना पेड पीआर की घटिया हरकत है. मैं अपने सभी शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा करती हूं.